कौशाम्बी : कोखराज थाना क्षेत्र में एक अक्टूबर की रात सराफा कारोबारी से हुई लूट का पुलिस ने राजफाश कर दिया है। मंगलवार की देर रात शहजादपुर स्थित दुर्गा भाभी सेतु मार्ग पर वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। दोनों ओर से हुई फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि पुलिस ने उसके दो साथियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपितों की पहचान रितेश, सुनील और सूरज निवासी खखरेरू, खागा, जनपद फतेहपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से लूटे गए सोने-चांदी के जेवरात, नकदी, तमंचा-कारतूस और वारदात में प्रयुक्त लाल रंग की अपाचे बाइक बरामद की है।
संदीपन घाट क्षेत्र के मूरतगंज निवासी सुरेश चंद्र सोनी प्रतापगढ़ के हथिगवां क्षेत्र के अक्षयवरपुर में ज्वेलरी की दुकान चलाते हैं। एक अक्टूबर की रात वह बाइक से दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। करीब रात दस बजे कोखराज क्षेत्र में टोल प्लाजा पार करने के बाद पीछे से आए बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। बदमाशों ने हेलमेट से हमला कर उन्हें घायल किया और उनका बैग छीनकर बाइक से फरार हो गए थे। पीड़ित के मुताबिक बैग में करीब 20 हजार रुपये नकद, लगभग एक किलो चांदी के जेवरात और 20 ग्राम सोना रखा था।
घटना के बाद पुलिस अधीक्षक सत्य नारायण प्रजापति ने लूटकांड के राजफाश के लिए कई पुलिस टीमों का गठन किया था। मंगलवार की देर रात करीब दो बजे थाना प्रभारी कोखराज संतोष कुमार शर्मा टीम के साथ शहजादपुर-दुर्गा भाभी सेतु मार्ग पर वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान लाल रंग की अपाचे बाइक से आए संदिग्ध युवकों को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार, बदमाशों ने टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में रितेश के पैर में गोली लगी, जबकि पुलिस ने घेराबंदी कर उसके दोनों साथियों सुनील और सूरज को गिरफ्तार कर लिया।
घायल रितेश को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से सराफा कारोबारी से लूटे गए जेवरात के अलावा तमंचा, कारतूस और घटना में प्रयुक्त लाल अपाचे बाइक बरामद की है। पुलिस अब आरोपितों से पूछताछ कर रही है। उनके आपराधिक इतिहास का भी पता लगाया जा रहा है। पुलिस को आशंका है कि गिरोह ने जिले और आसपास के जनपदों में अन्य लूट की घटनाओं को भी अंजाम दिया हो सकता है।
पुलिस ने बनाई थी कई टीमें
लूटकांड के बाद से पुलिस आरोपितों की तलाश में लगातार दबिश दे रही थी। घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के साथ ही अन्य माध्यमों से बदमाशों की पहचान का प्रयास किया जा रहा था। पुलिस टीमों को मिले सुराग के आधार पर बदमाशों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। इसी क्रम में शहजादपुर-दुर्गा भाभी सेतु मार्ग पर मुठभेड़ के दौरान तीनों आरोपित पुलिस के हत्थे चढ़ गए।
क्षेत्राधिकारी सिराथू सत्येंद्र सिंह ने बताया कि सराफा कारोबारी से हुई लूट के बाद पुलिस टीमें आरोपितों की तलाश में लगी थीं। सूचना के आधार पर शहजादपुर-दुर्गा भाभी सेतु मार्ग पर घेराबंदी की गई थी। बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश घायल हो गया और उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपितों के कब्जे से लूटे गए जेवरात, तमंचा-कारतूस और वारदात में प्रयुक्त लाल अपाचे बाइक बरामद हुई है। उनसे पूछताछ कर अन्य घटनाओं में संलिप्तता और आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।
