कौशाम्बी: बेसिक शिक्षा विभाग से जुड़े शिक्षामित्र, अनुदेशक, समग्र शिक्षा के कर्मचारी, अन्य संविदा कर्मी तथा कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय के कर्मचारियों को भारतीय स्टेट बैंक के कॉरपोरेट सैलरी पैकेज से जोड़ा जाएगा। इसके लिए जनपद के सभी ब्लॉक संसाधन केंद्रों (बीआरसी) पर एसबीआइ की ओर से विशेष शिविर लगाया जा रहा है। अभियान के तहत जिन कर्मियों का एसबीआइ में खाता नहीं है, उनके नए खाते खोले जाएंगे, जबकि पहले से एसबीआइ में खाता संचालित करने वाले कर्मियों के खातों को कॉरपोरेट सैलरी पैकेज में परिवर्तित किया जाएगा।
विभागीय निर्देश के क्रम में विद्यालय समय समाप्त होने के बाद दोपहर तीन से शाम पांच बजे तक बीआरसी परिसर में एसबीआइ के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहेंगे। यह अभियान लगातार तीन दिन शनिवार तक चलेगा। खंड शिक्षा अधिकारियों ने संबंधित बैंक प्रबंधकों से समन्वय स्थापित कर अधिक से अधिक पात्र कर्मियों के खाते खुलवाने और उन्हें कॉरपोरेट सैलरी पैकेज से जोड़ने के लिए सहयोग करने की अपील की है।
नए खाते के लिए दस्तावेज जरूरी
जिन कर्मचारियों का एसबीआइ में खाता नहीं है, उन्हें शिविर में नया खाता खुलवाने के लिए आधार कार्ड, पैन कार्ड सहित उनकी छायाप्रति तथा दो पासपोर्ट आकार के फोटो साथ लाना अनिवार्य होगा। दस्तावेज पूरे होने पर शिविर में ही खाते की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी।
पुराने खातों का होगा कन्वर्जन
जिन कर्मचारियों का पहले से एसबीआइ में खाता है, उन्हें नया खाता खुलवाने की आवश्यकता नहीं होगी। ऐसे कर्मचारियों को बैंक की ओर से कन्वर्जन पत्र उपलब्ध कराया जाएगा। संबंधित कर्मचारी को पत्र भरकर बैंक की प्रक्रिया पूरी करनी होगी, जिसके बाद उनका खाता कॉरपोरेट सैलरी पैकेज में परिवर्तित किया जाएगा।
कैशलेस चिकित्सा कार्ड का भी लाभ
कॉरपोरेट सैलरी पैकेज से जुड़ने पर कर्मियों को बैंक की ओर से निर्धारित विभिन्न सुविधाओं का लाभ मिलेगा। इसके साथ ही पात्र कर्मियों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड की सुविधा भी मिल सकेगी। इसके माध्यम से निर्धारित व्यवस्था के तहत संबंधित कर्मचारी और पात्र परिवारजन कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। विभाग ने सभी पात्र कर्मियों से शिविर में पहुंचकर प्रक्रिया पूरी कराने की अपील की है।
इन अधिकारियों से करें संपर्क
मंझनपुर: आदित्य कुमार, सहायक प्रबंधक, एसबीआइ मंझनपुर एसीबी — 7004908598
कौशांबी-पश्चिम शरीरा: हरि शंकर त्रिपाठी, शाखा प्रबंधक — 8318988788
सरसवां-टेंवा: रूपेश कुमार, शाखा प्रबंधक — 8953080097
सिराथू: राजेश साहू, शाखा प्रबंधक — 9986026461
कड़ा ब्लॉक-देवीगंज: लोवी बंसल, शाखा प्रबंधक — 8887855412
चायल: रविंद्र गुप्ता, शाखा प्रबंधक — 8374766199
मूरतगंज: अजय कुमार, शाखा प्रबंधक — 7268827878
नेवादा-सरायअकिल: सुरेश सिंह, शाखा प्रबंधक — 8081659715
विभाग ने सभी संबंधित कर्मियों से निर्धारित समय में अपने संबंधित बीआरसी पर पहुंचकर बैंक खाते की प्रक्रिया पूरी कराने की अपील की है, ताकि उन्हें कॉरपोरेट सैलरी पैकेज की सुविधाओं के साथ कैशलेस चिकित्सा कार्ड का लाभ भी मिल सके।
