कौशाम्बी:शटरिंग में सरिया बांधते समय करंट लगने से मजदूर की मौत संदीपन घाट थाना क्षेत्र के क्यादीपुर गांव में गुरुवार दोपहर निर्माणाधीन मकान में शटरिंग का कार्य करते समय हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक मामूली रूप से झुलस गया।
जानकारी के अनुसार क्यादीपुर गांव निवासी विष्णु कुमार के मकान का निर्माण कार्य चल रहा था। शटरिंग के दौरान कोखराज थाना क्षेत्र के अमहा गांव निवासी संतोष कुमार अन्य मजदूरों के साथ सरिया बांधने का काम कर रहे थे। इसी दौरान ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन का करंट सरिया में उतर आया। करंट लगने से संतोष कुमार गंभीर रूप से झुलस गए। वहीं गांव निवासी कुलदीप कुमार पुत्र अदालती प्रसाद भी करंट की चपेट में आकर मामूली रूप से झुलस गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में संतोष कुमार को 108 एंबुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मूरतगंज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची संदीपन घाट पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी।
मृतक संतोष कुमार अपने पीछे पत्नी रेशमा देवी, तीन वर्षीय पुत्र रियांश तथा एक वर्षीय पुत्री पूजा को छोड़ गए हैं। घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
संदीपन घाट थाना प्रभारी आशुतोष सिंह ने बताया कि निर्माण कार्य के दौरान करंट लगने से मजदूर की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया यह हादसा प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
