Education
🔴 Breaking

कूची और रंगों से बच्चों ने रची भारत के सुनहरे भविष्य की तस्वीर

कादीपुर कंपोजिट विद्यालय में ‘मेरे सपनों का भारत’ चित्रकला प्रतियोगिता, बच्चों ने दिखाई कल्पनाशीलता और रचनात्मक प्रतिभा

26 views

कौशांबी: सिराथू के कंपोजिट विद्यालय कादीपुर में शुक्रवार को सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ प्रतिभाग करते हुए अपनी कल्पनाओं को रंगों के माध्यम से कागज पर उकेरा। बच्चों ने अपने चित्रों में स्वच्छ, सुंदर, शिक्षित, विकसित और पर्यावरण के प्रति जागरूक भारत की कल्पना को जीवंत रूप दिया।

प्रतियोगिता का आयोजन शिक्षक मनमोहन सिंह चौहान की अगुवाई में कराया गया। उन्होंने बच्चों को विषय की जानकारी देते हुए अपनी कल्पनाशक्ति के अनुसार चित्र बनाने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिता शुरू होते ही बच्चे रंग, पेंसिल और कागज लेकर अपने-अपने चित्रों को आकार देने में जुट गए। किसी बच्चे ने हरियाली और स्वच्छता को प्रमुखता दी तो किसी ने शिक्षा, विज्ञान, तकनीक और देश के विकास को अपने चित्र में स्थान दिया।

चित्रकला के दौरान बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। विद्यार्थियों ने आकर्षक रंगों और रचनात्मक सोच के जरिए यह बताने का प्रयास किया कि वे भविष्य के भारत को किस रूप में देखना चाहते हैं। विद्यालय परिसर में प्रतियोगिता को लेकर उत्साहपूर्ण माहौल बना रहा। शिक्षकों ने बच्चों के चित्रों का अवलोकन करते हुए उनकी प्रतिभा और रचनात्मकता को प्रोत्साहित किया।

प्रधानाध्यापक सविता देवी ने कहा कि इस तरह की गतिविधियां बच्चों की छिपी प्रतिभा को सामने लाने के साथ उनमें आत्मविश्वास और सृजनात्मक सोच विकसित करती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ रचनात्मक एवं सहशैक्षिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिता में शामिल बच्चों के प्रयासों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया गया।