Sports
🔴 Breaking

मारुति की रफ्तार के आगे प्रयागराज सुपर किंग्स 59 रन पर ढेर

मारुति नंदन त्रिपाठी ने चार ओवर में दो मेडन सहित दो रन देकर झटके पांच विकेट, कौशांबी वारियर्स ने 54 रन से दर्ज की शानदार जीत

19 views

कौशाम्बी :टीचर्स क्रिकेट टीम कौशांबी वारियर्स और प्रयागराज सुपर किंग्स के बीच रविवार को पीएमएस ग्राउंड पूरामुफ्ती में एकदिवसीय मुकाबला खेला गया। इसमें कौशांबी वारियर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रयागराज सुपर किंग्स को 54 रन से करारी शिकस्त दी। कौशांबी वारियर्स की जीत में गेंदबाज मारुति नंदन त्रिपाठी की घातक गेंदबाजी ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने चार ओवर में दो मेडन रखते हुए महज दो रन देकर पांच विकेट झटके। शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन आफ द मैच चुना गया।

टास जीतकर कौशांबी वारियर्स के कप्तान सुशील त्रिपाठी ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। सलामी बल्लेबाज पृथ्वीवेश सिंह और सुशील त्रिपाठी ने टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई। सुशील त्रिपाठी ने 11 गेंदों पर 15 रन बनाए। पृथ्वीवेश सिंह ने 35 रन की उपयोगी पारी खेली। करुणेश यादव ने 14, सूरज सिंह ने नौ, केशव प्रसाद ने 15, इरशाद ने तीन और मनोज वर्मा ने छह रन का योगदान दिया। पूरी टीम निर्धारित पारी में 113 रन बनाने में सफल रही। प्रयागराज की ओर से विकास ने चार विकेट हासिल किए।

114 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी प्रयागराज सुपर किंग्स की शुरुआत बेहद खराब रही। पहले ही ओवर में मारुति नंदन त्रिपाठी ने इंद्रशंकर और रामकिशन को बिना खाता खोले पवेलियन भेज दिया। इसके बाद उन्होंने लगातार विकेट चटकाते हुए प्रयागराज की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। उनकी शानदार गेंदबाजी के सामने प्रयागराज की पूरी टीम 59 रन पर सिमट गई।

कौशांबी की ओर से आशीष आर्य ने दो, भुमेंद्र ने दो और मनोज वर्मा ने एक विकेट हासिल किया। इरशाद और शान ने भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए टीम की जीत में योगदान दिया। इस तरह कौशांबी वारियर्स ने मुकाबला 54 रन से अपने नाम कर लिया।