कौशाम्बी :चायल ब्लाक के पीएमश्री विद्यालय चिल्लाशाहबाजी में गुरुवार को माता उन्मुखीकरण बैठक एवं रक्षाबंधन का आत्मीय आयोजन किया गया। कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी अरुण सिंह के आगमन से विद्यालय परिवार में उत्साह का माहौल रहा। शिक्षिका अंजली शर्मा की अगुवाई में आयोजित बैठक में अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यालय परिवार ने बच्चों की शैक्षिक प्रगति एवं सर्वांगीण विकास को लेकर सार्थक चर्चा की।
खंड शिक्षा अधिकारी अरुण सिंह ने विद्यालय की शैक्षिक गतिविधियों, बच्चों के सीखने के स्तर तथा उनकी नियमित उपस्थिति को लेकर आवश्यक मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा को बेहतर बनाने में विद्यालय और अभिभावकों के बीच निरंतर संवाद बेहद महत्वपूर्ण है। माताओं से बच्चों की पढ़ाई, घर पर अध्ययन के माहौल तथा विद्यालय की गतिविधियों में सहभागिता बढ़ाने का आह्वान किया गया।
बैठक के उपरांत रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर विद्यालय की बच्चियों ने खंड शिक्षा अधिकारी अरुण सिंह की कलाई पर स्नेहपूर्वक राखी बांधी। बच्चियों के इस आत्मीय भाव से वातावरण भावुक हो उठा। अरुण सिंह ने बच्चियों के स्नेह को स्वीकार करते हुए उन्हें उपहार प्रदान किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आशीर्वाद दिया।
रक्षाबंधन के इस आयोजन ने विद्यालय में शिक्षा के साथ संस्कार, अपनत्व और पारिवारिक स्नेह की सुंदर मिसाल प्रस्तुत की। कार्यक्रम ने बच्चों में भाई-बहन के पवित्र रिश्ते, सम्मान और आपसी प्रेम की भावना को भी मजबूत किया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार एवं अभिभावकों ने आयोजन को यादगार और प्रेरणादायी बताया।
