कौशाम्बी : समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत समेकित शिक्षा के की ओर से गुरुवार को बीआरसी मूरतगंज में परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत दिव्यांग बच्चों के दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनवाने के लिए मेडिकल असेसमेंट कैंप का आयोजन किया गया। कैंप का आयोजन जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डा. कमलेन्द्र कुमार कुशवाहा के निर्देशन, खंड शिक्षा अधिकारी मूरतगंज नीरज उमराव व जिला समन्वयक समेकित शिक्षा अवधेश कुमार पांडेय की अगुवाई में किया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा गठित मेडिकल बोर्ड में आर्थोपेडिक सर्जन डा. ब्रह्मा शुक्ला, नेत्र रोग विशेषज्ञ डा. हेमंत यादव, साइकोलॉजिस्ट डा. पंकज कोटार्य, नाक-कान-गला रोग विशेषज्ञ डा. ज्ञानेंद्र धर द्विवेदी, ऑडियोलॉजिस्ट डा. संकल्प शुक्ला, मनोचिकित्सक डा. नितेश सिंह व आप्टोमेट्रिस्ट डा. जयकरन साहू ने बच्चों का परीक्षण किया। परीक्षण के बाद पात्र बच्चों को दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी किए गए।
कैंप में कुल 58 दिव्यांग बच्चों ने प्रतिभाग किया। इनमें तीन मूक-बधिर, छह दृष्टिबाधित, 27 मानसिक मंदित व 22 अस्थि दिव्यांग बच्चे शामिल रहे। परीक्षण के बाद कुल 37 बच्चों को दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी किए गए। कैंप में बीआरसी मूरतगंज के स्पेशल एजुकेटर राम बहादुर कुशवाहा, श्रद्धा शुक्ला, पुष्पेंद्र सिंह, शारदा कुमार सिंह, पुष्पेंद्र द्विवेदी और फिजियोथैरेपिस्ट पंकज साहू मौजूद रहे।
