Education
🔴 Breaking

मेरे सपनों का भारत चित्रकला प्रतियोगिता में दिखेगा बच्चों का हुनर

कक्षा पांच से आठ तक के विद्यार्थी होंगे शामिल, 17 सितंबर को विद्यालय स्तर पर होगी प्रतियोगिता

24 views

कौशाम्बी : विकसित भारत-2047 के संकल्प से विद्यार्थियों को जोड़ने और उनमें राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करने के उद्देश्य से बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से ‘सेवा संकल्प अभियान-मेरे सपनों का भारत’ के तहत चित्र/कला प्रतियोगिता आयोजित कराई जाएगी। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डा. कमलेन्द्र कुमार कुशवाहा ने जनपद के सभी विकास खंडों के परिषदीय व मान्यता प्राप्त विद्यालयों में प्रतियोगिता कराने के निर्देश दिए हैं।

प्रतियोगिता में कक्षा पांच से आठ तक के सभी छात्र-छात्राएं प्रतिभाग करेंगे। विद्यालय स्तर पर प्रतियोगिता 17 सितंबर को होगी। इसके बाद 18 सितंबर को विद्यालय स्तर पर उत्कृष्ट चित्रों और प्रतिभागियों का चयन कर ब्लाक स्तरीय प्रतियोगिता के लिए सूचना संकलित की जाएगी। 19 सितंबर को ब्लाक स्तर पर चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित होगी। ब्लाक स्तर से चयनित विद्यार्थियों की सूचना 21 सितंबर को उपलब्ध कराई जाएगी। 23 सितंबर को जनपद स्तरीय चित्र/कला प्रतियोगिता होगी, जबकि 24 सितंबर को उत्कृष्ट चित्रों का प्रदर्शन व प्रस्तुतीकरण किया जाएगा।

खंड शिक्षा अधिकारियों को अपने विकास खंड के सभी विद्यालयों तक समय से सूचना पहुंचाने, अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित कराने व ब्लाक स्तरीय प्रतियोगिता के आयोजन के साथ फोटो-वीडियो और प्रतिभागियों का विवरण सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी दी गई है। प्रधानाध्यापकों व शिक्षकों को विद्यार्थियों को प्रतियोगिता के उद्देश्य और विषय की जानकारी देने और उन्हें स्वतंत्र व मौलिक रूप से चित्र बनाने के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए गए हैं।

बीएसए ने कहा कि प्रतियोगिता को केवल औपचारिक गतिविधि न मानकर बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा और राष्ट्र निर्माण की भावना से जोड़कर आयोजित किया जाए। प्रत्येक विद्यालय में अधिकाधिक बच्चों की सहभागिता सुनिश्चित करने के साथ उत्कृष्ट चित्रों का समुचित अभिलेखीकरण भी किया जाएगा।