कौशाम्बी :मेरे सपनों का भारत अभियान के अंतर्गत शनिवार को उच्च प्राथमिक विद्यालय जलालपुर भारती, विकास खंड नेवादा में चित्रकला गतिविधि आयोजित की गई। इसमें बच्चों ने अपनी कल्पनाओं और सोच को रंगों के माध्यम से कागज पर उकेरा। बच्चों ने स्वच्छ, सुंदर, शिक्षित और विकसित भारत की तस्वीर प्रस्तुत करते हुए आकर्षक चित्र बनाए।
शिक्षक योगेंद्र त्रिपाठी के मार्गदर्शन में बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, शिक्षा, हरियाली और देश की प्रगति से जुड़े विभिन्न चित्र बनाए। गतिविधि के दौरान बच्चों ने बताया कि वे अपने सपनों के भारत को स्वच्छ, सुरक्षित और आत्मनिर्भर देखना चाहते हैं। शिक्षकों ने बच्चों की रचनात्मकता की सराहना करते हुए उन्हें अपनी कल्पनाओं को चित्रों के माध्यम से अभिव्यक्त करने के लिए प्रोत्साहित किया।
विद्यालय में आयोजित इस गतिविधि से बच्चों में सृजनात्मकता, कल्पनाशीलता और देश के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने का अवसर मिला। कार्यक्रम के दौरान बच्चों में खासा उत्साह रहा।
