कौशांबी। प्रदेश स्तरीय महिला टेनिस व हाकी तथा समन्वय सबजूनियर बालक कुश्ती प्रतियोगिता में प्रतिभाग के लिए जिला व मंडल स्तरीय चयन-ट्रायल की तिथियां घोषित कर दी गई हैं। जिला खेल कार्यालय की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार सबजूनियर बालक कुश्ती का जिला स्तरीय ट्रायल 13 अगस्त को सुबह 10 बजे जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम कौशांबी में होगा। मंडलीय ट्रायल 14 अगस्त को सुबह 10 बजे मदन मोहन मालवीय स्टेडियम प्रयागराज में होगा।
महिला टेनिस व हाकी का जिला स्तरीय चयन-ट्रायल 14 अगस्त को दोपहर तीन बजे जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम कौशांबी में होगा। महिला टेनिस का मंडलीय ट्रायल 17 अगस्त को शाम चार बजे, जबकि हाकी का ट्रायल इसी दिन दोपहर तीन बजे अमिताभ बच्चन स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स प्रयागराज में आयोजित किया जाएगा।
प्रदेश स्तरीय महिला टेनिस व हाकी प्रतियोगिता 24 से 25 अगस्त तक अयोध्या में होगी। वहीं समन्वय सबजूनियर बालक कुश्ती प्रतियोगिता 21 से 23 अगस्त तक कौशांबी में प्रस्तावित है। जिला स्तर पर चयनित खिलाड़ी ही मंडलीय ट्रायल में हिस्सा ले सकेंगे।
कुश्ती ट्रायल में वर्ष 2009-10 में जन्मे 16-17 वर्ष के तथा वर्ष 2011 में जन्मे 15 वर्ष के खिलाड़ी चिकित्सा प्रमाणपत्र व माता-पिता के प्रमाणपत्र के साथ प्रतिभाग कर सकते हैं। खिलाड़ियों को आधार कार्ड, नगर निगम से जारी प्रमाणपत्र, स्कूल बोनाफाइड, एड्रेस प्रूफ और पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना अनिवार्य होगा। उप क्रीड़ाधिकारी अजय प्रताप साहू ने इच्छुक खिलाड़ियों से निर्धारित तिथि, समय व स्थल पर पहुंचने की अपील की है।
