कौशाम्बी : मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत मंगलवार को उच्च प्राथमिक विद्यालय कादीपुर, विकासखंड सिराथू में कक्षा आठ की छात्रा अंजली को एक दिन के लिए प्रधानाध्यापिका का कार्यभार सौंपा गया। इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने के साथ उन्हें अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना है।
प्रधानाध्यापिका की जिम्मेदारी मिलने पर अंजली ने विद्यालय की शैक्षिक गतिविधियों, विद्यार्थियों की उपस्थिति, अनुशासन और स्वच्छता संबंधी व्यवस्थाओं को समझा। साथ ही विद्यालय संचालन की जिम्मेदारियों से परिचित होकर नेतृत्व करने का अनुभव प्राप्त किया।
मिशन शक्ति के अंतर्गत आयोजित इस गतिविधि के माध्यम से बालिकाओं को यह संदेश दिया गया कि वे भी प्रत्येक क्षेत्र में नेतृत्व की भूमिका निभाने में सक्षम हैं। उचित अवसर और प्रोत्साहन मिलने पर बालिकाएं आत्मविश्वास के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकती हैं।
यह पहल बालिकाओं में आत्मनिर्भरता, निर्णय लेने की क्षमता और लैंगिक समानता की भावना विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
