Agriculture
🔴 Breaking

मक्का की वैज्ञानिक खेती से बढ़ेगी पैदावार, किसानों को दिए उन्नत तकनीक के टिप्स

सौरई में आयोजित प्रशिक्षण में किसानों को उन्नत प्रजाति, बुवाई, सिंचाई, पोषक तत्व और कृषि यंत्रीकरण की दी जानकारी

23 views

कौशाम्बी: मक्का विकास कार्यक्रम के तहत सिराथू के राजकीय बीज भंडार सौरई में कृषि विभाग की ओर से किसान प्रशिक्षण व जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें किसानों को मक्का की वैज्ञानिक खेती, विभागीय योजनाओं, पराली प्रबंधन और कृषि यंत्रीकरण के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने किसानों से वैज्ञानिक विधि अपनाकर मक्का की उत्पादकता बढ़ाने का आह्वान किया।

कृषि विज्ञान केंद्र कौशांबी के कृषि वैज्ञानिक डा. मनोज कुमार सिंह ने किसानों को मक्का की उन्नत प्रजातियों के चयन, खेत की तैयारी, बुवाई का उचित समय व विधि, बीज की मात्रा, सिंचाई प्रबंधन और फसल में आवश्यक पोषक तत्वों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संतुलित उर्वरक प्रबंधन और फसल की अवस्था के अनुसार सिंचाई करने से मक्का की उत्पादकता और गुणवत्ता में सुधार किया जा सकता है। उन्होंने किसानों को मृदा परीक्षण के आधार पर पोषक तत्वों का प्रयोग करने की सलाह दी।

राजकीय बीज भंडार प्रभारी अन्नत राम ने कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं और किसानों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने पराली प्रबंधन पर जोर देते हुए फसल अवशेषों को जलाने के बजाय कृषि यंत्रों की मदद से खेत में उचित प्रबंधन करने के लिए प्रेरित किया। इससे मिट्टी की उर्वरा शक्ति बनाए रखने और पर्यावरण संरक्षण में मदद मिलेगी।

बीटीएम मुकीम ने कृषि यंत्रीकरण की जानकारी देते हुए विभिन्न कृषि यंत्रों की उपयोगिता और उनके प्रयोग के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि कृषि कार्यों में आधुनिक यंत्रों का प्रयोग कर श्रम और लागत दोनों को कम किया जा सकता है।

प्रशिक्षण के दौरान किसानों ने मक्का उत्पादन से संबंधित अपनी समस्याएं विशेषज्ञों के समक्ष रखीं। कृषि वैज्ञानिकों ने उनकी जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाने की सलाह दी। कार्यक्रम में एटीएम अम्बिका पटेल, टीएसी रविशंकर सहित अन्य विभागीय कर्मचारी और किसान मौजूद रहे।