कौशाम्बी : प्रयागराज के मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में मंगलवार को आयोजित एक दिवसीय मंडलीय खेलकूद प्रतियोगिता में कौशांबी के बालक-बालिकाओं ने एथलेटिक्स की विभिन्न स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए सात पदक हासिल किए। खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन से जिले के शिक्षकों और खेल प्रशिक्षकों में उत्साह रहा।
प्राथमिक बालक वर्ग की 100 मीटर दौड़ में कंपोजिट विद्यालय कटैया, नेवादा के राजबहादुर ने तीसरा स्थान हासिल कर कांस्य पदक जीता। उन्होंने 400 मीटर दौड़ में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान प्राप्त कर कांस्य पदक अपने नाम किया। इसके अलावा प्राथमिक स्तर की लंबी कूद स्पर्धा में राजबहादुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक जीता। एक ही प्रतियोगिता में तीन पदक जीतकर उन्होंने जिले का गौरव बढ़ाया।
प्राथमिक बालिका वर्ग की 50 मीटर दौड़ में कंपोजिट विद्यालय गिरधरपुर गढ़ी, कड़ा की प्रियांशी ने दूसरा स्थान हासिल कर रजत पदक जीता, जबकि इसी विद्यालय की मोहिनी ने तीसरा स्थान प्राप्त कर कांस्य पदक अपने नाम किया। बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ में कंपोजिट विद्यालय कटैया, नेवादा की रंजीता ने दूसरा स्थान हासिल कर रजत पदक जीता। वहीं ऊंची कूद स्पर्धा में कंपोजिट विद्यालय कटैया, नेवादा के रिंकू ने तीसरा स्थान प्राप्त कर कांस्य पदक हासिल किया।
इस प्रकार कौशांबी के खिलाड़ियों ने एथलेटिक्स की विभिन्न स्पर्धाओं में एक स्वर्ण, दो रजत और चार कांस्य सहित कुल सात पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया।
खिलाड़ियों के साथ जिला व्यायाम शिक्षक राजीव कुमार सिंह के अलावा व्यायाम शिक्षक मनमोहन सिंह, आलोक कुमार, शकीलउद्दीन, फहीम अहमद, अरुण कुमार सिंह, अंशुमान सिंह हमराही, पूनम सिंह, बीना, सुधा गौड़, सपना और सत्यप्रकाश मौजूद रहे। शिक्षकों ने प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और बेहतर प्रदर्शन के लिए उनका मार्गदर्शन किया।
जिला व्यायाम शिक्षक ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। नियमित अभ्यास, उचित मार्गदर्शन और मंडलीय व अन्य प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने से इन प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का बेहतर अवसर मिलता है। उन्होंने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए आगामी प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए निरंतर अभ्यास करने के लिए प्रेरित किया।
