कौशाम्बी: तहसील चायल स्थित कार्यालय परिसर में बुधवार को बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण एवं डीबीटी ऑनलाइन ट्रांजेक्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षकों, शिक्षामित्रों और अनुदेशकों को प्रतीकात्मक रूप से कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए गए। कार्ड मिलने पर शिक्षकों में उत्साह का माहौल रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक संजय गुप्ता तथा विशिष्ट अतिथि सहकारी समिति के अध्यक्ष शिवमोहन मौर्य रहे। अतिथियों के आगमन पर चायल विकासखंड की स्काउट-गाइड टीम ने मार्चपास्ट कर उनका स्वागत किया। दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।
पूर्व विधायक संजय गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना सरकार की शिक्षकों के प्रति संवेदनशील सोच का परिचायक है। उन्होंने कहा कि अब शिक्षकों को गंभीर बीमारी की स्थिति में इलाज के लिए भारी-भरकम खर्च की चिंता नहीं करनी पड़ेगी, जिससे उन्हें बड़ी राहत मिलेगी।
मूरतगंज ब्लॉक अध्यक्ष अशोक कुमार द्विवेदी ने योजना की सराहना करते हुए इसे शिक्षकों के हित में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने सरकार से टीईटी शिक्षकों की वरिष्ठता, उनके कार्यानुभव और उनके आश्रितों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए सहानुभूतिपूर्वक निर्णय लेने की भी अपील की।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों, शिक्षामित्रों एवं अनुदेशकों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए गए। कार्ड प्राप्त करने के बाद लाभार्थियों ने योजना को उपयोगी बताते हुए खुशी जाहिर की।
कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ शिक्षक मारुति नंदन त्रिपाठी ने किया। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी अरुण कुमार, खंड विकास अधिकारी अखिलेश दुबे, खंड शिक्षा अधिकारी (मूरतगंज/चायल) हिना सिद्दीकी, खंड शिक्षा अधिकारी (नेवादा) बृजेश सिंह, राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के अध्यक्ष आलोक द्विवेदी, उच्च प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष रत्नेश यादव, जिला महामंत्री गुणेश त्रिपाठी, प्राथमिक शिक्षक संघ नेवादा के अध्यक्ष विनोद सिंह, प्राथमिक शिक्षक संघ चायल के अध्यक्ष रमेश सिंह, अशोक सिंह, एआरपी नरेश कुमार, व्योमेश मिश्र, रघुनाथ द्विवेदी, शैलेन्द्र सिंह, कैलाश, उषा देवी, प्रतिमा मौर्य, सुमन, राहुल पांडेय, दिलीप वर्मा, कुलदीप सिंह, मिथिलेश कुमार सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, शिक्षिकाएं, शिक्षामित्र एवं अनुदेशक मौजूद रहे।
अंत में खंड शिक्षा अधिकारी हिना सिद्दीकी ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित शिक्षकों का आभार व्यक्त किया। जलपान के बाद कार्ड वितरण की प्रक्रिया संपन्न होने पर कार्यक्रम का समापन हुआ।
