कौशाम्बी
लगातार हो रही बारिश को देखते हुए खंड शिक्षा अधिकारी मूरतगंज नीरज उमराव ने बीआरसी क्षेत्र के सभी 129 विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को नोटिस जारी कर विद्यालय भवनों की सुरक्षा और साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
बीआरसी मूरतगंज क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के मद्देनजर खंड शिक्षा अधिकारी नीरज उमराव ने सभी 129 विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को नोटिस जारी किया है। उन्होंने निर्देश दिया है कि यदि किसी विद्यालय की छत टपक रही हो, परिसर में जलभराव या कचरा जमा हो, अथवा बारिश के कारण किसी प्रकार की असुविधा उत्पन्न हो रही हो तो तत्काल उसकी साफ-सफाई और आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। विद्यालयों में स्वच्छ वातावरण बनाए रखा जाए तथा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर उसकी सूचना तत्काल बीआरसी कार्यालय को उपलब्ध कराई जाए, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई कराई जा सके।
बीआरसी मूरतगंज क्षेत्र में कुल 129 विद्यालय संचालित हैं। इनमें 81 प्राथमिक विद्यालय, 26 कंपोजिट विद्यालय तथा 22 उच्च प्राथमिक विद्यालय शामिल हैं। सभी प्रधानाध्यापकों को विद्यालयों का नियमित निरीक्षण कर बारिश से संबंधित समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए गए हैं।
