Education
🔴 Breaking

मूरतगंज के नए खंड शिक्षा अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार संभालते ही बोले नीरज उमराव, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा रहेगी सर्वोच्च प्राथमिकता

कार्यालय की व्यवस्थाओं की समीक्षा कर दिए आवश्यक निर्देश, शिक्षकों से शासन की मंशा के अनुरूप पूरी निष्ठा से कार्य करने का किया आह्वान

59 views

कौशाम्बी: कड़ा के खंड शिक्षा अधिकारी नीरज उमराव ने गुरुवार को मूरतगंज विकासखंड के खंड शिक्षा अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार संभालते ही उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन, विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और अनुशासित शैक्षिक वातावरण सुनिश्चित करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।

कार्यभार ग्रहण करने पर शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष रत्नेश यादव एवं ब्लॉक अध्यक्ष अशोक द्विवेदी ने उन्हें माला पहनाकर स्वागत किया और नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।

प्रभार संभालने के बाद नीरज उमराव ने कार्यालय के सभी कार्मिकों से परिचय प्राप्त किया तथा उनके कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कार्यालय की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और सभी लंबित कार्यों को समयबद्ध ढंग से निस्तारित करने पर जोर दिया।

नीरज उमराव ने कहा कि शासन की सभी योजनाओं को पूरी पारदर्शिता और प्रतिबद्धता के साथ लागू किया जाएगा। प्रत्येक विद्यालय में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना, शिक्षण व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाना तथा शिक्षकों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित कराना उनकी प्राथमिकता में शामिल है। उन्होंने कहा कि सभी शिक्षकों और कर्मचारियों के सहयोग से मूरतगंज विकासखंड को शैक्षिक गुणवत्ता के नए आयाम तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने ब्लॉक के सभी शिक्षकों से शासन की मंशा के अनुरूप पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर श्यामल, ज़ीशान, आलोक द्विवेदी, दिलीप वर्मा, राहुल, मारुति नंदन, धीरज सहित कार्यालय के अन्य कर्मचारी एवं शिक्षक उपस्थित रहे।