कौशांबी : प्रयागराज-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार सुबह कोखराज थाना क्षेत्र के कसिया गांव के समीप तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में पिकअप सवार महिला और बच्चों समेत करीब 30 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना देने के साथ ही राहत कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस की मदद से घायलों को जिला अस्पताल भेजा।
बताया गया कि पिकअप में सवार सभी लोग पिपरी थाना क्षेत्र के निजामपुर पुरैनी गांव के रहने वाले हैं। सभी लोग शीतला धाम में दर्शन-पूजन के लिए जा रहे थे। कोखराज कसिया के समीप पहुंचते ही तेज रफ्तार पिकअप अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में पिकअप में सवार करीब 30 लोग घायल हो गए। कई घायलों को गंभीर चोटें आई हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही एसडीएम सिराथू प्रमेश श्रीवास्तव, कोखराज इंस्पेक्टर संतोष शर्मा सहित पुलिस और प्रशासनिक अमला तत्काल मौके पर पहुंच गया। अधिकारियों ने स्थानीय लोगों की मदद से पिकअप में फंसे और सड़क पर घायल पड़े लोगों को बाहर निकलवाया। इसके बाद एंबुलेंस की सहायता से सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। हादसे के कारण हाईवे पर कुछ देर के लिए अफरातफरी की स्थिति बनी रही।
जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों की टीम ने घायलों का प्राथमिक उपचार शुरू किया। गंभीर रूप से घायल चार लोगों की हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल रेफर कर दिया गया। अन्य घायलों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।
घायलों के जिला अस्पताल पहुंचने की सूचना पर एसडीएम सिराथू प्रमेश श्रीवास्तव भी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों से घायलों की स्थिति और उपचार के संबंध में जानकारी ली। बाद में डीएम अमित कुमार भी जिला अस्पताल पहुंचे और चिकित्सकों से घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि घायलों के उपचार में किसी तरह की लापरवाही न हो और जरूरत पड़ने पर गंभीर मरीजों को तत्काल उच्च चिकित्सा केंद्र भेजा जाए।
रोडवेज बस से टक्कर की चर्चा
हादसे के संबंध में चर्चा रही कि पिकअप की रोडवेज बस से टक्कर होने के बाद वह अनियंत्रित होकर पलटी। हालांकि पुलिस और प्रशासन की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के आधार पर हादसे के वास्तविक कारण का पता लगाने में जुटी है। हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
पुलिस ने क्षतिग्रस्त पिकअप को सड़क से हटवाकर यातायात व्यवस्था सुचारु कराई। घटना के बाद घायलों के स्वजन भी जिला अस्पताल पहुंचने लगे। अस्पताल में घायलों के उपचार और उनके स्वजन की मदद के लिए प्रशासनिक अधिकारी लगातार निगरानी करते रहे।
