Education
🔴 Breaking

नई एनसीईआरटी पाठ्यपुस्तकों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए शिक्षकों व शिक्षामित्रों को दिया जा रहा व्यवहारिक प्रशिक्षण

गतिविधि आधारित शिक्षण पर रहा जोर, प्रशिक्षण के दूसरे दिन शिक्षकों ने सीखे नवाचार

58 views

गतिविधि आधारित शिक्षण पर रहा जोर, प्रशिक्षण के दूसरे दिन शिक्षकों ने सीखे नवाचार

कौशाम्बी: ब्लॉक संसाधन केंद्र कौशांबी में एफएलएन व एनसीईआरटी की नवीन पाठ्यपुस्तकों पर आधारित पांच दिवसीय ब्लॉक स्तरीय शिक्षक प्रशिक्षण का द्वितीय दिवस शुक्रवार को उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। प्रशिक्षण में खंड शिक्षा अधिकारी डॉ. अरुण कुमार सिंह ने प्रतिभागी शिक्षकों का मार्गदर्शन करते हुए प्रशिक्षण में प्राप्त ज्ञान व नवाचारी शिक्षण विधियों को विद्यालयों में प्रभावी ढंग से लागू करने का आह्वान किया।

प्रशिक्षण के दौरान नई पाठ्यपुस्तकों 'वीणा' एवं 'गणित मेला' के अध्यायों, गतिविधि आधारित शिक्षण, दक्षता आधारित अधिगम, भाषा विकास तथा प्रभावी कक्षा प्रबंधन पर विस्तार से चर्चा की गई। शिक्षकों ने समूह गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करते हुए अपने अनुभव साझा किए और शिक्षण को अधिक रोचक व बालकेंद्रित बनाने के विभिन्न तरीकों पर विचार-विमर्श किया।

खंड शिक्षा अधिकारी डॉ. अरुण कुमार सिंह ने कहा कि प्रशिक्षण का उद्देश्य केवल नई पुस्तकों से परिचित कराना नहीं, बल्कि बच्चों के अधिगम स्तर में गुणात्मक सुधार लाना है। उन्होंने सभी शिक्षकों से निपुण भारत मिशन के उद्देश्यों के अनुरूप विद्यालयों में प्रशिक्षण के दौरान सीखी गई गतिविधियों का नियमित उपयोग करने का आग्रह किया।

प्रशिक्षण के द्वितीय दिवस के दूसरे सत्र का संचालन एआरपी अनिल कुमार सिंह, कृष्ण प्रकाश सिंह व मोहम्मद शादाब ने संदर्भदाता के रूप में किया। उन्होंने विषयवस्तु को गतिविधियों एवं उदाहरणों के माध्यम से सरल और व्यवहारिक ढंग से प्रस्तुत किया। प्रशिक्षण में प्रतिभागी शिक्षकों ने पूरे उत्साह के साथ सहभागिता की।