Education
🔴 Breaking

निलंबित अध्यापकों की शीघ्र बहाली और नागपंचमी अवकाश की मांग, शिक्षक संघ ने सौंपा ज्ञापन

चयन वेतनमान के लंबित प्रकरणों के निस्तारण की भी उठाई मांग, बीएसए ने बहाली का दिया आश्वासन

120 views

कौशांबी। उत्तर प्रदेश जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ, जनपद कौशांबी की बैठक बुधवार को जिलाध्यक्ष रत्नेश कुमार यादव की अध्यक्षता में हुई। बैठक में शिक्षकों की विभिन्न लंबित समस्याओं पर चर्चा करते हुए उनके शीघ्र निस्तारण की मांग की गई। इसके बाद संघ के पदाधिकारियों ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर निलंबित अध्यापकों की शीघ्र बहाली, चयन वेतनमान की विसंगतियों को दूर करने और नागपंचमी पर सार्वजनिक अवकाश घोषित करने की मांग उठाई।

जिला महामंत्री गुणेश कुमार त्रिपाठी ने बैठक का संचालन करते हुए कहा कि जनपद के विभिन्न विकास खंडों में कई अध्यापक-अध्यापिकाओं का चयन वेतनमान विसंगतियों के कारण अभी तक स्वीकृत नहीं हो सका है। कई प्रकरण खंड शिक्षा अधिकारियों के पोर्टल तथा लेखाधिकारी कार्यालय में लंबित हैं। इससे संबंधित शिक्षकों को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। संघ ने इन मामलों का संज्ञान लेकर लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण कराने की मांग की।

निलंबित शिक्षकों की शीघ्र बहाली की मांग

ज्ञापन में विकासखंड चायल के प्राथमिक विद्यालय सुधवर में निलंबित समस्त अध्यापक-अध्यापिकाओं के प्रकरण में सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए जल्द से जल्द बहाली की मांग प्रमुखता से उठाई गई। शिक्षक संघ का कहना है कि प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण होने से संबंधित शिक्षकों को राहत मिलेगी और विद्यालयों में पठन-पाठन व्यवस्था भी सुचारु रूप से संचालित हो सकेगी।

17 अगस्त को नागपंचमी अवकाश की मांग

शिक्षक संघ ने नागपंचमी पर्व पर 17 अगस्त को पूर्व की भांति सार्वजनिक अवकाश घोषित किए जाने की भी मांग की। जिलाध्यक्ष रत्नेश यादव ने कहा कि नागपंचमी हिंदू समाज का प्राचीन एवं महत्वपूर्ण पर्व है। पूर्व वर्षों में इस अवसर पर अवकाश होता रहा है। ऐसे में इस वर्ष भी 17 अगस्त को अवकाश घोषित किया जाना जनभावनाओं के अनुरूप होगा।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने शिक्षकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए निलंबित अध्यापकों की बहाली के संबंध में सकारात्मक संदेश दिया और शीघ्र उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। वहीं, नागपंचमी के अवकाश के संबंध में जिलाधिकारी से वार्ता कर नियमानुसार उचित निर्णय लिए जाने की बात कही।

बैठक एवं ज्ञापन सौंपने के दौरान संघ के संरक्षक रामप्रताप लाली, जिलाध्यक्ष रत्नेश यादव, जिला महामंत्री गुणेश त्रिपाठी, जिला उपाध्यक्ष अरुण मिश्र, भास्कर शुक्ल, रामकैलाश कौनजिया, संतोष कुमार, प्रेम सिंह समेत बड़ी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे।