Education
🔴 Breaking

निपुण लक्ष्य हासिल करने के लिए संकुल शिक्षकों ने बनाई कार्ययोजना

अक्टूबर में कक्षा शिक्षण मजबूत करने और नवंबर में बच्चों के सीखने के प्रमाण जुटाने पर रहेगा जोर

70 views

कौशांबी : सरसवां ब्लाक के बीआरसी सभागार में समग्र शिक्षा व निपुण भारत मिशन के अंतर्गत शुक्रवार को शिक्षक संकुलों का एक दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें परिषदीय विद्यालयों में बुनियादी शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने, बच्चों को निपुण बनाने और प्रभावी कक्षा शिक्षण के तरीकों पर चर्चा की गई। कार्यशाला में आगामी 60 दिनों की कार्ययोजना तैयार कर निर्धारित लक्ष्यों को हासिल करने का संकल्प लिया गया।

एसआरजी दिलीप तिवारी ने शिक्षक संकुलों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि विद्यालयों में शैक्षिक गुणवत्ता सुधारने और शिक्षकों को अकादमिक सहयोग देने में उनकी अहम जिम्मेदारी है। खंड शिक्षा अधिकारी राजीव सिंह ने कहा कि निपुण लक्ष्यों को हासिल करने के लिए समयबद्ध कार्ययोजना और सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। कार्यशाला में एआरपी पंकज सिंह, राजेश सिंह और आशुतोष सिंह ने 10-पॉइंट टूलकिट, सतत आकलन और प्रभावी शिक्षण विधियों की जानकारी दी। लैंग्वेज एंड लर्निंग फाउंडेशन के संतोष कुमार और आरती ने खेल-खेल में सीखने की तकनीकों और बच्चों के लर्निंग गैप को दूर करने के उपाय बताए। विद्यालयों में डीयर (ड्रॉप एवरीथिंग एंड रीड) कार्यक्रम के माध्यम से पठन संस्कृति विकसित करने पर भी जोर दिया गया।

उन्मुखीकरण कार्यशाला में तय किया गया कि अक्टूबर में कक्षा शिक्षण की गुणवत्ता मजबूत की जाएगी, जबकि नवंबर में बच्चों के सीखने के प्रमाण जुटाकर उनकी प्रगति का आकलन किया जाएगा। 20 नवंबर से प्रस्तावित निपुण प्लस एप आधारित निपुण विद्यालय आकलन की तैयारी पर भी चर्चा की गई। शिक्षक संकुलों ने अपने-अपने न्याय पंचायत के विद्यालयों को आदर्श विद्यालय के रूप में विकसित करने और निपुण लक्ष्यों को पूरा करने का संकल्प लिया।