Education
🔴 Breaking

निपुण तालिका पूर्ण न मिलने पर डीएम सख्त, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर दिया जोर

प्राथमिक विद्यालय सौंराई खुर्द के आकस्मिक निरीक्षण में बच्चों को पढ़ाई लिखाई का लिया जायजा, उपस्थिति और बेहतर मध्याह्न भोजन के दिए निर्देश

24 views

कौशांबी : जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल ने बुधवार को प्राथमिक विद्यालय सौरई खुर्द का आकस्मिक निरीक्षण कर शैक्षणिक गतिविधियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कक्षाओं में निपुण तालिका प्रदर्शित न मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और प्रधानाध्यापक अरुण कुमार बाजपेई को तत्काल निपुण तालिका लगवाने तथा उसे नियमित रूप से अपडेट रखने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने विद्यालय में नामांकित बच्चों की संख्या और उनकी उपस्थिति की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने पर विशेष जोर देते हुए शिक्षकों को नियमित प्रयास करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने कक्षा-2 के एक छात्र से पुस्तक पढ़वाई और कक्षा-1 के छात्र से गिनती सुनकर शिक्षा की गुणवत्ता को परखा।

डीएम ने प्रधानाध्यापक को निर्देशित किया कि विद्यालय में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जाए तथा शासन के निर्धारित मानकों के अनुरूप मध्यान्ह भोजन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

प्रधानाध्यापक ने बताया कि विद्यालय में कुल 236 विद्यार्थी नामांकित हैं, जिनमें नए शैक्षणिक सत्र में 49 बच्चों का नामांकन किया गया है। निरीक्षण के दौरान विद्यालय की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने पर भी चर्चा की गई।