Education
🔴 Breaking

निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति पर डीएम सख्त, अधिकारियों को लगाई फटकार

एक सप्ताह में शेष कार्य पूरे कर हैंडओवर करने के निर्देश, मॉडल विद्यालय और महाविद्यालय निर्माण में तेजी लाने पर जोर

17 views

कौशांबी। जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल ने बुधवार को उदयन सभागार में बेसिक शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा, समाज कल्याण एवं उच्च शिक्षा विभाग के अंतर्गत संचालित निर्माण कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान कई परियोजनाओं की प्रगति अपेक्षा के अनुरूप न मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय बसुहार के निर्माण कार्य की समीक्षा के दौरान धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी ने परियोजना प्रबंधक सीएनडीएस को फटकार लगाते हुए कार्ययोजना बनाकर तेजी से कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए। वहीं मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय कड़ा के निर्माण कार्य को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।

कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में अतिरिक्त कक्षों एवं अन्य निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने सहायक अभियंता यूपीसीएलडीएफ को शेष कार्य शीघ्र पूरा कर भवनों का हैंडओवर करने के निर्देश दिए। प्रोजेक्ट अलंकार के अंतर्गत राजकीय विद्यालयों में चल रहे कार्यों की समीक्षा में अधिशासी अभियंता यूपी सिडको को एक सप्ताह के भीतर शेष कार्य पूर्ण कराने को कहा। साथ ही राजकीय विद्यालयों की बाउंड्रीवाल का निर्माण इसी माह पूरा कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने राजकीय महिला महाविद्यालय मूरतगंज के निर्माण कार्य की प्रगति की भी समीक्षा की और निर्माण कार्य में तेजी लाने पर जोर दिया।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद राम त्रिपाठी समेत संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।