Education
🔴 Breaking

निर्माण कार्यों की समीक्षा पर खबर निर्माण कार्यों में तेजी लाने के साथ गुणवत्ता पर भी रहे विशेष जोर

डीएम ने बसुहार मॉडल कंपोजिट विद्यालय का काम एक माह में पूरा कराने के दिए निर्देश, राजकीय विद्यालयों के शेष कार्य 10 दिन में पूर्ण कराकर हैंडओवर करने को कहा

20 views

कौशांबी : जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल ने मंगलवार को उदयन सभागार में बेसिक शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा, समाज कल्याण एवं उच्च शिक्षा विभाग से जुड़े निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने के साथ ही गुणवत्ता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय, बसुहार के निर्माण कार्य की समीक्षा के दौरान अपेक्षित प्रगति न मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने परियोजना प्रबंधक, सीएनडीएस को अतिरिक्त श्रमिक लगाकर निर्माण कार्य एक माह के भीतर पूरा कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय, कड़ा के निर्माण कार्य को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय में पूरा कराने को कहा।

मुख्यमंत्री अभ्युदय विद्यालय के निर्माण कार्य की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता, यूपीसीएलडीएफ को शेष कार्य शीघ्र पूरा कर विद्यालय को हैंडओवर करने के निर्देश दिए। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में अतिरिक्त कक्षा-कक्ष सहित अन्य निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान भी उन्होंने अवशेष कार्य जल्द पूरा कर हैंडओवर कराने को कहा। साथ ही कस्तूरबा गांधी विद्यालयों की बाउंड्रीवाल का निर्माण गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के निर्देश परियोजना प्रबंधक, सीएनडीएस को दिए।

प्रोजेक्ट अलंकार के तहत राजकीय विद्यालयों में कराए जा रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता, यूपी सिडको को शेष कार्य 10 दिन के भीतर पूरा कराकर हैंडओवर करने के निर्देश दिए। उन्होंने राजकीय विद्यालयों की बाउंड्रीवाल का कार्य भी आगामी बैठक तक पूरा कराने को कहा। राजकीय महिला महाविद्यालय, मूरतगंज के निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देशित किया कि प्रोजेक्ट अलंकार के तहत राजकीय विद्यालयों में कराए जा रहे सभी कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित कराई जाए। निर्माण कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए और निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरे कराए जाएं।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद राम त्रिपाठी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।