नन्हें हाथों ने रंगों से उकेरी समृद्ध भारत की तस्वीर

‘मेरे सपनों का भारत’ चित्रकला प्रतियोगिता में महक बानो ने हासिल किया प्रथम स्थान

0 views

नन्हें हाथों ने रंगों से उकेरी समृद्ध भारत की तस्वीर

‘मेरे सपनों का भारत’ चित्रकला प्रतियोगिता में महक बानो ने हासिल किया प्रथम स्थान

कौशाम्बी :सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सोमवार को बीआरसी सिराथू में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर ब्लॉक स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। न्याय पंचायत स्तर पर चयनित छात्र-छात्राओं ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बच्चों ने रंगों के माध्यम से विकसित, समृद्ध, पर्यावरण संरक्षण, डिजिटल प्रगति और सामाजिक एकता से जुड़े अपने सपनों के भारत की तस्वीरें कैनवास पर उकेरीं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता खंड शिक्षा अधिकारी डा. प्रज्ञा सिंह ने की। मुख्य अतिथि सिराथू नगर पंचायत अध्यक्ष राजेंद्र सिंह यादव और विशिष्ट अतिथि भाजपा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष शिव प्रताप मौर्य रहे। अतिथियों ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

मुख्य अतिथि राजेंद्र सिंह यादव ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। उनकी कल्पनाओं में ही आने वाले समृद्ध भारत की तस्वीर दिखाई देती है। विशिष्ट अतिथि शिव प्रताप मौर्य ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि पर्यावरण, डिजिटल प्रगति और सामाजिक एकता जैसे विषयों को चित्रों में स्थान देना उनकी रचनात्मक सोच को दर्शाता है।

खंड शिक्षा अधिकारी डा. प्रज्ञा सिंह ने कहा कि शिक्षा के साथ रचनात्मक गतिविधियां बच्चों के मानसिक व बौद्धिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। प्रतियोगिता में निर्णायकों के निर्णय के आधार पर उच्च प्राथमिक विद्यालय रामपुर सुहेला की महक बानो ने प्रथम, उच्च प्राथमिक विद्यालय भडेसर की रोशनी देवी ने द्वितीय और प्राथमिक विद्यालय पतेरिया की प्रीति देवी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। अतिथियों व खंड शिक्षा अधिकारी ने विजेता छात्राओं को मेडल, प्रमाण पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम का संचालन कमलेश तिवारी व अवनीश मिश्र ने किया। इस मौके पर एआरपी शालिनी जायसवाल, आराधना तिवारी, ओमप्रकाश, सुरेंद्र, नरेंद्र, अनुराग, वंदना, नेहा, सूर्यप्रकाश व विकास सहित शिक्षक मौजूद रहे।