कौशाम्बी : नरक चतुर्दशी और भैया दूज पर अवकाश घोषित करने की मांग को लेकर उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल (पूर्व माध्यमिक) शिक्षक संघ ने आवाज उठाई है। गुरुवार को संघ के पदाधिकारियों ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर सात नवंबर को नरक चतुर्दशी और 10 नवंबर को भैया दूज का अवकाश घोषित करने की मांग की।
संघ के जिलाध्यक्ष रत्नेश यादव ने कहा कि नरक चतुर्दशी और भैया दूज का धार्मिक व सामाजिक महत्व है। विगत कई वर्षों से इन पर्वों पर अवकाश की परंपरा रही है, लेकिन इस बार जारी अवकाश तालिका में दोनों पर्वों को शामिल नहीं किया गया है। इससे शिक्षकों में असमंजस है। दीपावली पर पड़ने वाले इन दोनों पर्वों पर शिक्षकों की भावनाओं और पुरानी परंपरा को ध्यान में रखते हुए अवकाश घोषित किया जाना चाहिए।
संघ की पांच नवंबर को आयोजित मासिक बैठक में मध्यान्ह भोजन योजना के तहत विद्यालयों को मिलने वाली कन्वर्जन कास्ट का भुगतान कई महीनों से लंबित होने का मुद्दा भी उठाया गया। पदाधिकारियों ने कहा कि धनराशि समय से नहीं मिलने के कारण विद्यालयों में मध्यान्ह भोजन का संचालन प्रभावित हो रहा है। वहीं, रसोइयों का मानदेय भी कई महीनों से बकाया है। संघ ने कन्वर्जन कास्ट और रसोइयों का लंबित मानदेय शीघ्र जारी कराने की मांग की।
संघ ने बीएसए से सभी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराने और दोनों पर्वों पर अवकाश घोषित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की।
