Education
🔴 Breaking

नशे से दूर रहने और सड़क सुरक्षा के प्रति युवाओं को किया जागरूक

शराब के दुष्प्रभावों, कानूनी प्रावधानों और दुर्घटनाओं से बचाव की दी गई जानकारी

28 views

कौशाम्बी : चन्द्रशेखर सिंह कालेज आफ फार्मेसी कोइलहा में शुक्रवार को युवाओं को शराब के दुष्प्रभावों और नशे की हालत में वाहन चलाने से होने वाले खतरों के प्रति जागरूक करने के लिए कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें स्वास्थ्य, मनोविज्ञान, कानून और सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विशेषज्ञों ने जानकारी दी। वक्ताओं ने युवाओं से नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के पूर्व आयुर्वेद सेवा निदेशक प्रो. डा. एसएन सिंह ने कहा कि युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना समाज की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। विद्यार्थियों को अनुशासित जीवनशैली अपनाकर अपने स्वास्थ्य और भविष्य के प्रति सजग रहना चाहिए। महाविद्यालय के फार्मेसी विभागाध्यक्ष प्रो. डा.रितेश तिवारी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि शैक्षणिक संस्थानों की जिम्मेदारी विद्यार्थियों को शिक्षा देने के साथ उनमें सामाजिक उत्तरदायित्व और सुरक्षित व्यवहार की भावना विकसित करना भी है।

कार्यशाला के पहले तकनीकी सत्र में कंज्यूमर गिल्ड के चेयरमैन अधिवक्ता अभिषेक श्रीवास्तव ने शराब के सेवन से स्वास्थ्य, पारिवारिक संबंधों और सामाजिक जीवन पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी। मनोवैज्ञानिक व मनोचिकित्सकीय परामर्श विशेषज्ञ डा. मालविका राव ने बताया कि शराब व्यक्ति की निर्णय लेने की क्षमता, एकाग्रता और प्रतिक्रिया देने की गति को प्रभावित करती है। इससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है।

यातायात क्षेत्राधिकारी ने नशे की हालत में वाहन चलाने के कानूनी परिणामों और सड़क सुरक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि नशे में वाहन चलाना चालक के साथ अन्य लोगों की जान के लिए भी खतरा है। युवाओं से दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का प्रयोग करने की अपील की। साथ ही मित्रों और परिचितों को भी नशे की हालत में वाहन चलाने से रोकने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में प्रश्नोत्तर सत्र के दौरान विद्यार्थियों ने शराब के स्वास्थ्य संबंधी प्रभावों, कानूनी प्रावधानों और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम से जुड़े सवाल पूछे। विशेषज्ञों ने उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। विद्यार्थियों की जागरूकता का आकलन करने के लिए कार्यशाला में पूर्व और पश्चात सर्वेक्षण भी कराया गया। कार्यक्रम का संचालन रामासृजन जन कल्याण समिति के सचिव ओम मिश्रा ने किया। समापन पर प्रो. डा. रितेश तिवारी ने अतिथियों, वक्ताओं और प्रतिभागियों के प्रति आभार जताया। कार्यक्रम में प्राचार्य प्रो. एसके गुप्ता सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।