कौशाम्बी : विश्व ओजोन दिवस के अवसर पर बुधवार को पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय चिल्ला शहबाजी में जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। कक्षा एक के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने पोस्टर, स्लोगन और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से ओजोन परत के महत्व को समझाया। बच्चों ने आकर्षक पोस्टर तैयार कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
विद्यार्थियों ने “पेड़ लगाओ, धरती बचाओ” और “प्लास्टिक का प्रयोग कम करें” जैसे स्लोगन के माध्यम से लोगों को पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार बनने के लिए प्रेरित किया। शिक्षिका शिप्रा गुप्ता ने बच्चों को ओजोन परत के महत्व और इसके संरक्षण की आवश्यकता के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ओजोन परत सूर्य की हानिकारक पराबैंगनी किरणों से पृथ्वी पर रहने वाले जीव-जंतुओं की रक्षा करती है। इसके संरक्षण के लिए प्रदूषण कम करने, प्लास्टिक का उपयोग घटाने और अधिक से अधिक पौधे लगाने की जरूरत है। गतिविधियों के माध्यम से बच्चों में पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता और जिम्मेदारी की भावना विकसित की गई। विद्यालय परिवार ने बच्चों के प्रयासों की सराहना की।
