कौशाम्बी :विकासखंड मूरतगंज के उच्च प्राथमिक विद्यालय पट्टीपरवेजाबाद में अकादमिक सुपरविजन के दौरान सामाजिक विज्ञान एआरपी व्योमेश मिश्र ने विद्यालय की शैक्षिक गतिविधियों व विद्यार्थियों के अधिगम स्तर का पर्यवेक्षण किया। उन्होंने बच्चों से विषय आधारित प्रश्न पूछकर उनकी समझ और शैक्षिक प्रगति को परखा। साथ ही विद्यार्थियों को राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित परीक्षा, इंस्पायर अवार्ड, बैगलेस डे गतिविधियों, रीडिंग कैंपेन व पुस्तकालय के नियमित और प्रभावी उपयोग के लिए प्रेरित किया।
एआरपी ने बच्चों को नियमित पठन-पाठन के साथ विभिन्न शैक्षिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने शिक्षकों को बच्चों की सीखने की क्षमता के अनुरूप गतिविधियां संचालित करने और शैक्षिक गुणवत्ता में निरंतर सुधार पर जोर दिया।
अकादमिक पर्यवेक्षण के साथ विद्यालय की मध्यान्ह भोजन व्यवस्था का भी जायजा लिया गया। एआरपी व्योमेश मिश्र ने बच्चों के साथ पंगत में बैठकर सब्जी-चावल का भोजन ग्रहण किया और भोजन की गुणवत्ता व स्वाद को परखा। उन्होंने रसोईघर की स्वच्छता, खाद्यान्न के रखरखाव व भोजन में प्रयुक्त मसालों और अनाज की गुणवत्ता का भी अवलोकन किया जो संतोषजनक मिली।
प्रधानाध्यापक डा. मोहम्मद इरशाद के निर्देशन में शिक्षक अलक्षेन्द्र नारायण शुक्ला, रामादेवी पांडे, मीना यादव समेत समस्त स्टाफ और तीनों रसोइयों ने बच्चों को सुव्यवस्थित ढंग से भोजन कराया। भोजन से पहले बच्चों ने सामूहिक रूप से भोजन मंत्र का उच्चारण किया। बच्चों ने विद्यालय में मिलने वाले भोजन को स्वादिष्ट बताते हुए नियमित रूप से दूध और फल वितरण किए जाने की बात कही।
निरीक्षण के दौरान शैक्षिक गुणवत्ता के साथ स्वच्छता, अनुशासन और मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता को निरंतर बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।
