पीएम ई-विद्या डीटीएच टीवी चैनल की शैक्षिक कंटेंट निर्माण कार्यशाला के लिए कौशांबी के प्रभाकर मिश्र चयनित, बच्चों की सीखने की गुणवत्ता होगी और बेहतर

राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी), उत्तर प्रदेश, लखनऊ की ओर से आयोजित पीएम ई-विद्या डीटीएच टीवी चैनलों के लिए शैक्षिक वीडियो कंटेंट निर्माण कार्यशाला में जनपद कौशांबी के शिक्षक प्रभाकर प्रसाद मिश्र का हुआ चयन

66 views

पीएम ई-विद्या डीटीएच टीवी चैनल की शैक्षिक कंटेंट निर्माण कार्यशाला के लिए कौशांबी के प्रभाकर मिश्र चयनित, बच्चों की सीखने की गुणवत्ता होगी और बेहतर

कौशाम्बी : राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी), उत्तर प्रदेश, लखनऊ की ओर से आयोजित पीएम ई-विद्या डीटीएच टीवी चैनलों के लिए शैक्षिक वीडियो कंटेंट निर्माण कार्यशाला में जनपद कौशांबी के शिक्षक प्रभाकर प्रसाद मिश्र का चयन किया गया है। उनके चयन को जिले की शिक्षा व्यवस्था के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

एससीईआरटी के संयुक्त निदेशक डॉ. पवन कुमार द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह कार्यशाला 3 से 7 अगस्त 2026 तक एससीईआरटी परिसर, निशातगंज, लखनऊ में आयोजित होगी। कार्यशाला में एनसीईआरटी, नई दिल्ली के विशेषज्ञ प्रतिभागियों को आधुनिक तकनीक के अनुरूप वीडियो आधारित शैक्षिक सामग्री तैयार करने का प्रशिक्षण देंगे।

प्रभाकर प्रसाद मिश्र वर्तमान में उच्च प्राथमिक विद्यालय कंथूवा, विकासखंड कड़ा में कार्यरत हैं। कार्यशाला के दौरान वह कक्षा 1 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए प्रभावी, रोचक एवं गतिविधि आधारित डिजिटल शैक्षिक कंटेंट तैयार करने का प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। प्रशिक्षण के उपरांत तैयार की गई गुणवत्तापूर्ण वीडियो सामग्री पीएम ई-विद्या डीटीएच टीवी चैनलों के माध्यम से प्रदेशभर के विद्यार्थियों तक पहुंचाई जाएगी।

शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि गतिविधि आधारित और आकर्षक डिजिटल कंटेंट बच्चों में विषयों के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ उनकी सीखने की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाएगा। इससे निपुण भारत मिशन के उद्देश्यों को गति मिलेगी तथा विद्यार्थियों की बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक दक्षता (एफएलएन) के साथ-साथ समग्र शैक्षिक गुणवत्ता में भी उल्लेखनीय सुधार होगा।

प्रदेशभर से इस कार्यशाला के लिए केवल सात शिक्षकों का चयन किया गया है, जिनमें कौशांबी से प्रभाकर प्रसाद मिश्र शामिल हैं। उनके चयन पर जनपद के शिक्षकों एवं शिक्षा विभाग में हर्ष का माहौल है।

"प्रभाकर प्रसाद मिश्र का इस महत्वपूर्ण राज्य स्तरीय कार्यशाला के लिए चयन कौशांबी के लिए गर्व की बात है। उन्हें मिलने वाला प्रशिक्षण जिले के शिक्षकों और विद्यार्थियों के लिए भी उपयोगी सिद्ध होगा। पीएम ई-विद्या के माध्यम से तैयार होने वाली गुणवत्तापूर्ण डिजिटल शिक्षण सामग्री बच्चों की सीखने की गुणवत्ता को बेहतर बनाएगी और निपुण भारत मिशन के लक्ष्यों को प्राप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। मुझे विश्वास है कि प्रभाकर मिश्र अपने अनुभव और नवाचारों से जनपद का नाम प्रदेश स्तर पर और अधिक गौरवान्वित करेंगे।"

नीरज कुमार उमराव

खंड शिक्षा अधिकारी कड़ा