Accident
🔴 Breaking

पक्का तालाब में डूबने से किशोर की मौत, परिवार में मचा कोहराम

दोस्तों के साथ नहाने गया था 13 वर्षीय किशोर, तीन घंटे की मशक्कत के बाद मिला शव

11 views

कौशाम्बी: संदीपन घाट थाना क्षेत्र के मूरतगंज स्थित पक्का तालाब में बुधवार दोपहर नहाते समय 13 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

जिलापर गांव निवासी वीरेंद्र कुमार का 13 वर्षीय पुत्र अपने कुछ दोस्तों के साथ पक्का तालाब में नहाने गया था। नहाने के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथियों के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही संदीपन घाट थाना पुलिस और गोताखोर मौके पर पहुंच गए। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने किशोर के शव को तालाब से बाहर निकाला। इसके बाद उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मूरतगंज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। किशोर की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम का माहौल बना हुआ है।