कौशाम्बी। शनिवार को मंझनपुर विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय चक हिंगुई में तिथि भोजन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय में संचालित मध्याह्न भोजन योजना के तहत विशेष व्यंजन तैयार कर बच्चों को भोजन परोसा गया। कार्यक्रम में मंझनपुर के खंड शिक्षा अधिकारी प्रमोद कुमार गुप्ता भी शामिल हुए और उन्होंने बच्चों के साथ बैठकर भोजन किया।
खंड शिक्षा अधिकारी ने कहा कि बेसिक शिक्षा विभाग के परिषदीय विद्यालयों में तिथि भोजन की पहल को प्रभावी बनाने के साथ ही लोगों को इसके प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसका उद्देश्य समाज के लोगों को सरकारी विद्यालयों से जोड़ना और विशेष अवसरों पर बच्चों के साथ खुशियां साझा करने के लिए प्रेरित करना है।
उन्होंने बताया कि कोई भी व्यक्ति अपने बच्चों के जन्मदिन, शादी की सालगिरह अथवा किसी अन्य विशेष तिथि पर परिषदीय विद्यालय में अध्ययनरत बच्चों को भोजन करा सकता है। इच्छुक लोग विद्यालय से समन्वय स्थापित कर तिथि भोजन का आयोजन करा सकते हैं। इससे बच्चों को विशेष अवसर पर पौष्टिक भोजन मिलने के साथ विद्यालय और समाज के बीच सहभागिता भी मजबूत होगी।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रधानाध्यापक रामानंद, सहायक अध्यापक संजय यादव सहित समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
