Education
🔴 Breaking

प्रभावी शिक्षण रणनीतियों से बच्चों में विकसित होगी बुनियादी दक्षता

एफएलएन प्रशिक्षण के छठवें बैच के द्वितीय दिवस शिक्षकों को गतिविधि आधारित शिक्षण का दिया गया प्रशिक्षण

21 views

कौशाम्बी: ब्लाक संसाधन केंद्र कौशांबी में संचालित पांच दिवसीय एफएलएन प्रशिक्षण के छठवें बैच के द्वितीय दिवस मंगलवार को शिक्षकों को प्रभावी शिक्षण रणनीतियों के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया गया। प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों ने कक्षा शिक्षण को अधिक रुचिकर, बाल-केंद्रित और परिणामपरक बनाने को लेकर मंथन किया।

प्रशिक्षण में खुले व बंद प्रश्नों के प्रभावी प्रयोग, बाल-केंद्रित व गतिविधि आधारित शिक्षण, बच्चों की सक्रिय सहभागिता, भाषा व गणितीय दक्षताओं के विकास, शिक्षण-अधिगम सामग्री (टीएलएम) के प्रभावी उपयोग और सीखने के आकलन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रशिक्षकों ने बताया कि कक्षा में बच्चों को केवल सुनने तक सीमित रखने के बजाय उन्हें सोचने, प्रश्न पूछने, तर्क करने और अपनी बात स्वतंत्र रूप से रखने के पर्याप्त अवसर दिए जाने चाहिए। इससे बच्चों में सीखने के प्रति रुचि बढ़ने के साथ उनकी समझ भी बेहतर होती है।

प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न गतिविधियों, समूह चर्चा और व्यावहारिक अभ्यास के माध्यम से शिक्षकों को प्रभावी शिक्षण रणनीतियों का अभ्यास कराया गया। भाषा व गणित विषयों में बच्चों की बुनियादी समझ विकसित करने के लिए गतिविधियों और स्थानीय स्तर पर उपलब्ध शिक्षण सामग्री के प्रयोग पर भी जोर दिया गया।

संदर्भदाताओं ने कहा कि निपुण भारत मिशन के लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए कक्षा शिक्षण में बच्चों की सक्रिय भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है। शिक्षक यदि बच्चों की सीखने की गति और आवश्यकता के अनुसार गतिविधियों का चयन करें व समय-समय पर उनके अधिगम का आकलन करते रहें, तो बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक दक्षताओं को बेहतर तरीके से विकसित किया जा सकता है।

प्रशिक्षण में संदर्भदाता एआरपी अनिल सिंह, पुष्पेंद्र सिंह, ओम नारायण साहू, कृष्ण प्रकाश सिंह व अजीत कुमार शुक्ला ने सहभागिता करते हुए शिक्षकों का मार्गदर्शन किया। प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों ने विभिन्न गतिविधियों में प्रतिभाग कर प्रभावी शिक्षण तकनीकों को व्यवहारिक रूप से समझा।