Social
🔴 Breaking

प्रगट कृपाला दीनदयाला... के सुरों से गूंजा शहजादपुर

श्रीराम जन्मोत्सव पर बधाई गीतों की धूम, महिलाओं ने सोहर गाकर मनाई खुशियां, श्रद्धालुओं ने की पुष्प वर्षा

30 views

कौशाम्बी : सिराथू तहसील के शहजादपुर गांव में चल रही 253वीं रामलीला में सोमवार को प्रभु श्रीराम के जन्म प्रसंग का भावपूर्ण मंचन किया गया। अयोध्या में राजा दशरथ के महल में प्रभु श्रीराम के जन्म का दृश्य प्रस्तुत होते ही रामलीला परिसर भक्तिमय हो उठा। प्रगट कृपाला दीनदयाला, कौसल्या हितकारी... की मधुर चौपाई के गायन से वातावरण राममय हो गया। प्रभु श्रीराम के जन्म की खुशी में ढोल-नगाड़े बजाए गए और बधाई गीतों की गूंज के बीच श्रद्धालु भक्ति में लीन नजर आए। लोगों ने जय श्रीराम के जयकारे लगाकर अपनी आस्था प्रकट की।

श्रीराम जन्मोत्सव के दौरान महिलाओं ने पारंपरिक सोहर गीत गाकर खुशियां मनाईं। वहीं, श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर प्रभु श्रीराम के जन्म का स्वागत किया। मंचन में राजा दशरथ के महल में छाए उल्लास और मंगल उत्सव के दृश्यों का सजीव चित्रण किया गया। बधाई गीतों और भक्ति संगीत के बीच कलाकारों ने श्रीराम जन्म की लीला को जीवंत कर दिया। इस दौरान रामलीला देखने पहुंचे दर्शक भावविभोर हो उठे। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में आयोजन को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया।

प्राचीन रामलीला कमेटी के सदस्यों की देखरेख में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। रामलीला के मंचन के माध्यम से भगवान श्रीराम के जीवन प्रसंगों को प्रस्तुत कर लोगों को उनके आदर्शों, मर्यादा, कर्तव्य और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी गई। श्रीराम जन्मोत्सव के दौरान पूरा रामलीला परिसर भक्ति, श्रद्धा और उल्लास से सराबोर रहा।