कौशाम्बी: न्याय पंचायत देवखरपुर के प्राथमिक विद्यालय बारातफरीक में संकुल शिक्षक बैठक का आयोजन किया गया। इसमें शिक्षण प्रक्रिया को अधिक प्रभावी, रोचक और गतिविधि आधारित बनाने के साथ विद्यार्थियों में उच्च स्तरीय चिंतन कौशल विकसित करने पर जोर दिया गया। बैठक में प्रोजेक्ट आधारित शिक्षण (प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग) के माध्यम से बच्चों में समस्या समाधान की क्षमता, तार्किक सोच, सहपाठी शिक्षण और सामूहिक रूप से सीखने की प्रवृत्ति विकसित करने के विभिन्न तरीकों पर चर्चा की गई। साथ ही बाल वाटिका को आकर्षक और गतिविधि आधारित बनाने के लिए अभिनव प्रयासों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
नोडल संकुल अनुराग मिश्र ने कहा कि शिक्षण प्रक्रिया ऐसी होनी चाहिए, जिसमें बच्चे केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित न रहें, बल्कि स्वयं सोचने, सवाल पूछने, समस्याओं का समाधान खोजने और अपने अनुभवों से सीखने के लिए प्रेरित हों। प्रोजेक्ट आधारित शिक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों को वास्तविक जीवन से जुड़ी परिस्थितियों में सीखने का अवसर मिलता है। इससे उनमें रचनात्मकता, तार्किक क्षमता और निर्णय लेने के कौशल का विकास होता है। उन्होंने पीयर लर्निंग और ग्रुप लर्निंग के महत्व पर भी प्रकाश डालते हुए कहा कि बच्चे आपस में मिलकर कार्य करने और एक-दूसरे के विचारों को समझने से बेहतर तरीके से सीख सकते हैं।
शिक्षक संकुल राजकुमार ने यू-डायस प्लस (UDISE+) के अंतर्गत विद्यालयों के प्रोफाइल डाटा को अद्यतन करने की जानकारी दी। उन्होंने शिक्षकों को विद्यालय से संबंधित आवश्यक सूचनाओं को सही और समयबद्ध तरीके से अपडेट करने के महत्व से अवगत कराया। वहीं, अरुण मिश्र ने चार बिन प्रणाली के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने हरे, लाल, नीले और काले रंग के कूड़ेदानों के उपयोग के माध्यम से कचरे के पृथक्करण और उचित निस्तारण की जानकारी दी। उन्होंने विद्यालयों में स्वच्छता की आदत विकसित करने तथा बच्चों को कचरा प्रबंधन के प्रति जागरूक बनाने पर जोर दिया।
लैंग्वेज एंड लर्निंग फाउंडेशन के ब्लॉक कोऑर्डिनेटर नरेश कुमार ने रीडिंग कैंपेन और कैचअप शिक्षण पर चर्चा की। उन्होंने बच्चों में पढ़ने की रुचि विकसित करने, भाषा संबंधी दक्षताओं को मजबूत बनाने और सीखने में पीछे रह गए विद्यार्थियों को अतिरिक्त सहयोग देकर निर्धारित शैक्षिक स्तर तक पहुंचाने के तरीकों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बच्चों की सीखने की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए शिक्षण गतिविधियों की योजना तैयार करना आवश्यक है, जिससे प्रत्येक विद्यार्थी को सीखने के पर्याप्त अवसर मिल सकें।
बैठक के दौरान शिक्षक पीयूष त्रिपाठी, अनूप सिंह, मनोज कुमार सहित अन्य शिक्षकों ने अपने विद्यालयों में अपनाई जा रही बेहतर शिक्षण पद्धतियों और नवाचारों को साझा किया। शिक्षकों ने कक्षा शिक्षण को रुचिकर बनाने, बच्चों की सक्रिय सहभागिता बढ़ाने और गतिविधियों के माध्यम से सीखने की प्रक्रिया को प्रभावी बनाने से जुड़े अनुभव प्रस्तुत किए। बैठक में इस बात पर बल दिया गया कि शिक्षक आपसी अनुभवों और उपयोगी शिक्षण विधियों को साझा करके विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बना सकते हैं। संकुल बैठक के माध्यम से शिक्षकों को नई शिक्षण पद्धतियों से परिचित होने और उन्हें कक्षा में लागू करने के लिए प्रेरित किया गया।
