Education
🔴 Breaking

प्रशिक्षण में परखी समझ, कक्षा में उतारने का दिया मंत्र

बीईओ नीरज कुमार ने बीआरसी मूरतगंज में एफएलएन प्रशिक्षण का किया औचक निरीक्षण, शिक्षकों से कराया प्रस्तुतिकरण

64 views

कौशाम्बी : विकास खंड मूरतगंज स्थित बीआरसी में आयोजित बुनियादी साक्षरता एवं संख्या ज्ञान (एफएलएन) प्रशिक्षण शिविर का सोमवार को खंड शिक्षा अधिकारी नीरज कुमार ने औचक निरीक्षण किया। उन्होंने प्रशिक्षण की गुणवत्ता और गतिविधियों की जानकारी लेने के साथ ही शिक्षकों से संवाद कर प्रशिक्षण को विद्यालयों में प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान बीईओ ने प्रशिक्षण ले रहे शिक्षकों से अपने समक्ष प्रस्तुतिकरण भी कराया। इसके माध्यम से उन्होंने यह परखा कि प्रशिक्षण में बताई जा रही शिक्षण तकनीकों को कक्षा-कक्ष में किस तरह प्रयोग किया जाएगा। उन्होंने एआरपी नरेश कुमार, प्रशांत त्रिपाठी और एलएलएफ टीम के ब्लाक कोआर्डिनेटर सुरेंद्र विश्वकर्मा से एफएलएन प्रशिक्षण के प्रमुख बिंदुओं की विस्तृत जानकारी ली।

खंड शिक्षा अधिकारी ने कहा कि एफएलएन प्रशिक्षण का उद्देश्य बच्चों में बुनियादी भाषा और गणितीय दक्षताओं का विकास करना है। निपुण भारत मिशन के लक्ष्यों को धरातल पर उतारने के लिए शिक्षक पूरी तन्मयता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। प्रशिक्षण तभी सार्थक होगा, जब इसका प्रभाव बच्चों के सीखने के स्तर में दिखाई दे।

उन्होंने शिक्षकों से प्रशिक्षण में बताई गई गतिविधियों और तकनीकों को विद्यालय पहुंचकर नियमित रूप से कक्षाओं में प्रयोग करने का आह्वान किया। कहा कि बच्चों की बुनियादी दक्षताओं को मजबूत करना प्रत्येक शिक्षक की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

इस अवसर पर मास्टर ट्रेनर्स सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे। शिक्षकों ने प्रशिक्षण से प्राप्त तकनीकों को विद्यालयों में प्रभावी ढंग से लागू कर निपुण भारत मिशन के लक्ष्यों को हासिल करने का संकल्प लिया।