कौशाम्बी:विकास खंड सिराथू के प्राथमिक विद्यालय रामपुर धमावां में शनिवार को कक्षा दो के विद्यार्थियों के लिए पठन उत्सव का आयोजन किया गया। उत्सव डियर (ड्राप एवरीथिंग एंड रीड) गतिविधि के अंतर्गत आयोजित हुआ। इसका उद्देश्य बच्चों में स्वतंत्र पठन की आदत विकसित करना और पुस्तकों के प्रति रुचि बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को विद्यालय के पुस्तकालय में उपलब्ध सहज पुस्तकों में से अपनी पसंद की कहानी चुनकर स्वयं पढ़ने का अवसर दिया गया। कहानी पढ़ने के बाद विषय अध्यापक दीपनारायण मिश्र ने बच्चों से कहानी के बारे में जानकारी ली। साथ ही कहानी में आए कठिन शब्दों को दोबारा पढ़वाकर उनके सही उच्चारण का अभ्यास कराया गया।
पठन उत्सव में अंश, अनमोल, आर्यन, आनंद, ऋषभ, अनस, हिमांशी, रोशनी और आराधना समेत अन्य विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। सभी ने अपनी-अपनी पसंद की कहानियां पढ़कर स्वतंत्र पठन का अभ्यास किया। छात्रा रोशनी ने कठिन शब्दों का सही व स्पष्ट उच्चारण करते हुए बेहतर पठन क्षमता का प्रदर्शन किया। इसके आधार पर उसे रीडिंग सुपरस्टार का पुरस्कार दिया गया।
प्रधानाध्यापिका भावना शुक्ला ने रोशनी की मां उर्मिला की मौजूदगी में उसे कापी और पेंसिल देकर पुरस्कृत किया। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित रूप से पुस्तकें पढ़ने के लिए प्रेरित किया।
