कौशाम्बी: पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर अटेवा-एनएमओपीएस ने कड़ा ब्लॉक में सदस्यता व जनजागरूकता अभियान को गति दे दी है। इसी क्रम में गुरुवार को डॉ. भीमराव अंबेडकर इंटर कॉलेज, विहामिदपुर में शिक्षकों व कर्मचारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान और आगामी आंदोलनों की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
अटेवा के जिला मंत्री रमेश चंद्र सेन ने राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय कुमार बंधु के आह्वान पर चलाए जा रहे सदस्यता एवं जनजागरूकता अभियान की जानकारी देते हुए शिक्षकों व कर्मचारियों से अधिक से अधिक संख्या में संगठन से जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली की लड़ाई को निर्णायक मुकाम तक पहुंचाने के लिए संगठन की मजबूती, एकजुटता और सक्रिय भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है।
बैठक में संगठन को और सशक्त बनाने के उद्देश्य से कड़ा ब्लॉक अध्यक्ष राजीव सिंह एवं ब्लॉक कोषाध्यक्ष अरविंद कुमार गौड़ की सहमति से राजेश कुमार को अटेवा का ब्लॉक महामंत्री मनोनीत किया गया। इस घोषणा का उपस्थित शिक्षकों व कर्मचारियों ने जोरदार स्वागत किया और नवनियुक्त महामंत्री को शुभकामनाएं देते हुए सदस्यता अभियान को प्रत्येक विद्यालय तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
जिला मंत्री रमेश चंद्र सेन ने शिक्षकों से 21 अगस्त को मंझनपुर में प्रस्तावित तिरंगा यात्रा को ऐतिहासिक बनाने तथा 25 सितंबर को लखनऊ में आयोजित होने वाली विशाल रैली में अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली के आंदोलन को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रत्येक शिक्षक एवं कर्मचारी अपने साथ अन्य साथियों को भी संगठन से जोड़े।
बैठक में उपस्थित शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन बहाली तक संघर्ष को पूरी मजबूती के साथ जारी रखने तथा सदस्यता अभियान को कड़ा ब्लॉक के प्रत्येक विद्यालय तक पहुंचाने का सामूहिक संकल्प लिया।
