Education
🔴 Breaking

पुरानी पेंशन बहाली को लेकर अटेवा ने बनाई रणनीति, जनजागरण से लेकर लखनऊ रैली तक की रूपरेखा तय

जिला कार्यालय में हुई बैठक में 29 अगस्त की तिरंगा यात्रा व 25 सितंबर की विशाल रैली की तैयारियों पर हुई चर्चा

8 views

कौशाम्बी :पुरानी पेंशन बहाली एवं निजीकरण व टीईटी से जुड़े मुद्दों के विरोध को लेकर शुक्रवार को अटेवा के जिला कार्यालय में जिला व ब्लॉक पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश नेतृत्व के निर्देशों के अनुरूप आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और जनजागरण अभियान चलाने का निर्णय लिया गया।

बैठक की अध्यक्षता जिला संयोजक कुशल सिंह ने की। उन्होंने बताया कि अटेवा सुप्रीमो विजय कुमार बंधु के आह्वान पर 10 जुलाई से 15 अगस्त तक जनजागरण संगोष्ठी व सदस्यता/सहयोग अभियान चलाया जाएगा। इसके माध्यम से कर्मचारियों और शिक्षकों को पुरानी पेंशन बहाली व निजीकरण के मुद्दों पर जागरूक किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 29 अगस्त 2026 को सभी जिला मुख्यालयों पर तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। इस दौरान पुरानी पेंशन बहाली, निजीकरण और टीईटी से जुड़े मुद्दों के खिलाफ आवाज बुलंद की जाएगी। वहीं 25 सितंबर 2026 को लखनऊ में विशाल रैली आयोजित होगी, जिसमें अधिक से अधिक कर्मचारियों की सहभागिता सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है।

बैठक का संचालन जिला महामंत्री सतीश चन्द्र शर्मा ने किया। उन्होंने संगठन की आगामी रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि सभी ब्लॉकों में बैठकें आयोजित कर जनजागरण अभियान को गति दी जाएगी। इसी क्रम में 11 जुलाई को सिराथू ब्लॉक की बैठक आयोजित होगी।

जिला मंत्री रमेश चंद्र सेन ने संगठन की समीक्षा करते हुए पदाधिकारियों से अभियान को सफल बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

बैठक में सत्यदेव पाल, आशीष कुमार सिंह, यतेंद्र सिंह, इकबाल अली, राजकुमार, प्रमोद कुमार, संजय यादव, बृज बिहारी व राम हृदय कुशवाहा सहित जिला व ब्लॉक स्तर के पदाधिकारी मौजूद रहे।