Sports
🔴 Breaking

राज की कप्तानी में उत्तर प्रदेश बना राष्ट्रीय कबड्डी चैंपियनशिप

कौशांबी के लाल ने हरियाणा को पटखनी देकर उत्तर प्रदेश को दिलाई ट्राफी

130 views

कौशांबी: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में 26 से 28 जून तक आयोजित राष्ट्रीय कबड्डी चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय खिताब अपने नाम कर लिया। इंडियन स्पोर्ट्स एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में देशभर की दस टीमों ने प्रतिभाग किया था।

फाइनल मुकाबले में उत्तर प्रदेश ने दमदार खेल का प्रदर्शन करते हुए हरियाणा को 40-25 के बड़े अंतर से पराजित कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। हरियाणा की टीम उपविजेता रही।

उत्तर प्रदेश की इस ऐतिहासिक जीत की सबसे खास बात यह रही कि टीम की कमान युवा खिलाड़ी राज के हाथों में थी। उनकी कप्तानी में टीम ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार तालमेल, मजबूत डिफेंस और आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। टीम के खिलाड़ी मनीष पाल ने भी अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से उत्तर प्रदेश की जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

विजेता टीम में अभिमन्यु यादव, अजीत सूर्यवंशी, आशुतोष सिंह, हिमांशु पटेल, सुंदरम सिंह, माधव, प्रशांत चाहर और तनुज दुबे समेत प्रदेश के विभिन्न जनपदों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। खिलाड़ियों की दमदार रेड, बेहतरीन रणनीति और शानदार टीम वर्क के दम पर उत्तर प्रदेश ने राष्ट्रीय कबड्डी चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया।

उत्तर प्रदेश की इस उपलब्धि पर खेल प्रेमियों और खिलाड़ियों में खुशी की लहर है तथा विजेता टीम को लगातार बधाइयां मिल रही हैं।