Education
🔴 Breaking

राज्य अध्यापक पुरस्कार से सम्मानित हुईं प्रधानाध्यापिका सुमन कुशवाहा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदान किया सम्मान, जिले के शिक्षा जगत में खुशी की लहर

556 views

कौशांबी। शिक्षक दिवस के अवसर पर गोरखपुर स्थित बाबा गंभीर नाथ प्रेक्षागृह में आयोजित राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह में कौशांबी की शिक्षिका सुमन कुशवाहा को राज्य अध्यापक पुरस्कार से सम्मानित किया गया। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। सुमन कुशवाहा विकास खंड नेवादा के प्राथमिक विद्यालय भगवानपुर में प्रधानाध्यापिका के पद पर कार्यरत हैं। जिले की शिक्षिका को प्रदेश स्तर पर मिले इस प्रतिष्ठित सम्मान से शिक्षा जगत में खुशी का माहौल है।

पुरस्कार प्राप्त करने के बाद सुमन कुशवाहा ने कहा कि राज्य अध्यापक पुरस्कार उनके लिए बेहद गौरव और खुशी का क्षण है। एक शिक्षक के लिए उसके कार्य और समर्पण को पहचान मिलना बहुत बड़ा सम्मान होता है। उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार उन्हें बच्चों के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को और अधिक निष्ठा एवं समर्पण के साथ निभाने के लिए प्रेरित करेगा।

उन्होंने बताया कि विद्यालय में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ ही पढ़ाई के प्रति उनकी रुचि बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जाता है। शिक्षण कार्य को रोचक और प्रभावी बनाने के लिए गतिविधि आधारित शिक्षण पद्धति का प्रयोग किया जाता है। बच्चों की शैक्षिक प्रगति का लगातार आकलन करते हुए कमजोर विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान दिया जाता है।

सुमन कुशवाहा ने कहा कि यह सम्मान केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि विद्यालय के बच्चों, अभिभावकों, सहयोगी शिक्षकों और शिक्षा विभाग के अधिकारियों के सहयोग का भी परिणाम है। उन्होंने कहा कि सम्मान मिलने के बाद उनकी जिम्मेदारी और बढ़ गई है। वह आगे भी पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए कार्य करती रहेंगी।

अधिकारियों और शिक्षकों ने दी बधाई

सुमन कुशवाहा के राज्य अध्यापक पुरस्कार प्राप्त करने पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डा. कमलेन्द्र कुमार कुशवाहा ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि यह जिले के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि सुमन कुशवाहा की उपलब्धि अन्य शिक्षकों के लिए भी प्रेरणादायी है। विकास खंड नवादा के खंड शिक्षा अधिकारी बृजेश सिंह सहित विभागीय अधिकारियों और शिक्षकों ने भी उन्हें बधाई दी। शिक्षकों ने कहा कि राज्य स्तर पर कौशांबी की शिक्षिका को सम्मान मिलना पूरे जनपद के लिए गौरव का विषय है। इस उपलब्धि से जिले के अन्य शिक्षक भी बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित होंगे।