Accident
🔴 Breaking

रामवनगमन मार्ग पर डिवाइडर से टकराई बोलेरो, युवती की मौत

महेवाघाट के हिनौता गांव के पास हादसा, चालक घायल; पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

26 views

कौशाम्बी: महेवाघाट थाना क्षेत्र के हिनौता गांव के पास रामवनगमन मार्ग पर सोमवार सुबह तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में बोलेरो सवार 19 वर्षीय युवती की मौत हो गई, जबकि चालक घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, बोलेरो राजापुर की ओर जा रही थी। हिनौता गांव के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे बोलेरो डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में शिवरतन का पूरा, थाना पश्चिम शरीरा निवासी सुंदर लाल की पुत्री सीमा देवी (19) गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल दोनों घायलों को एंबुलेंस की सहायता से सरसावा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने सीमा देवी को मृत घोषित कर दिया।

हादसे में बोलेरो चालक अतुल कुमार निवासी ओसा गांव भी घायल हुआ, जिसका उपचार किया गया। सूचना मिलते ही महेवाघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाकर यातायात सामान्य कराया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

युवती की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल है। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।