कौशाम्बी : राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2026 के लिए जनपद की दो शिक्षिकाओं का राज्य स्तरीय साक्षात्कार के लिए चयन हुआ है। शिक्षा निदेशक (बेसिक), उत्तर प्रदेश की ओर से जारी पत्र के अनुसार चयनित शिक्षकों का साक्षात्कार 4 अगस्त (मंगलवार) को पूर्वाह्न 11 बजे शिक्षा निदेशालय (माध्यमिक), पार्क रोड, लखनऊ में आयोजित किया जाएगा।
राज्य स्तरीय चयन समिति के समक्ष साक्षात्कार के लिए प्रदेश के 11 जनपदों से कुल 12 शिक्षकों को आमंत्रित किया गया है। इनमें कौशांबी से कंपोजिट विद्यालय रसूलाबाद, विकासखंड चायल की शिक्षिका शालिनी कुशवाहा व पीएम श्री प्राथमिक विद्यालय अमिरासा, विकासखंड नेवादा की शिक्षिका अनुराधा पांडेय शामिल हैं।
शिक्षा निदेशक (बेसिक) ने संबंधित जिलों के बेसिक शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि चयनित शिक्षकों को सभी आवश्यक अभिलेखों व पीपीटी के साथ निर्धारित समय पर साक्षात्कार स्थल पर उपस्थित कराना सुनिश्चित करें।
राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए चयनित होना स्वयं में एक बड़ी उपलब्धि माना जाता है। ऐसे में जनपद की दो शिक्षिकाओं का राज्य स्तरीय साक्षात्कार तक पहुंचना जिले के लिए गौरव का विषय है। शिक्षा विभाग के अधिकारियों व शिक्षकों ने दोनों शिक्षिकाओं को शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन की उम्मीद जताई है।
