कौशांबी : रिजवी ग्राउंड में चल रहे लार्ड बुद्धा कप सीजन-4 लेदर क्रिकेट टूर्नामेंट में शुक्रवार को दो रोमांचक मुकाबले खेले गए। पहले मुकाबले में रायबरेली और प्रतापगढ़ व दूसरे मैच में सुलतानपुर और मिर्जापुर की टीमें आमने-सामने रहीं। दोनों मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। दर्शकों ने भी मुकाबलों का जमकर आनंद लिया।
पहले मुकाबले में रायबरेली ने टास जीतकर प्रतापगढ़ को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। प्रतापगढ़ की टीम ने निर्धारित 15 ओवर में नौ विकेट खोकर 147 रन बनाए। विकास ने 27, आनंद मिश्रा ने 23 और आशीष ने 21 रन बनाए। रायबरेली की ओर से जगलाल दादा और अतुल ने दो-दो, जबकि पंकज वर्मा ने एक विकेट लिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी रायबरेली की टीम प्रतापगढ़ के गेंदबाज सुजीत की धारदार गेंदबाजी के सामने 109 रन पर सिमट गई। सुजीत ने चार विकेट लेकर रायबरेली की बल्लेबाजी को झकझोर दिया। रायबरेली की ओर से सर्वेश ने 39 और प्रतीक ने 33 रन बनाए। इस तरह प्रतापगढ़ ने 38 रन से मुकाबला अपने नाम किया।
दूसरे मुकाबले में मिर्जापुर ने सुलतानपुर को शिकस्त दी। टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी सुलतानपुर की पूरी टीम मिर्जापुर की शानदार गेंदबाजी के सामने 56 रन पर ढेर हो गई। चंदन कुमार और अभिनव ने तीन-तीन विकेट हासिल किए। सुलतानपुर की ओर से दिवाकर ने नौ व अमरेंद्र और प्रदीप ने आठ-आठ रन बनाए।
56 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मिर्जापुर की टीम ने 12 ओवर में दो विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। सुलतानपुर की ओर से प्रदीप यादव और शरद त्रिपाठी ने एक-एक विकेट लिया।
प्रतापगढ़ टीम को मिली जर्सी
टूर्नामेंट के आयोजन के अवसर पर ओमिशा इंटरप्राइजेज की ओर से प्रतापगढ़ क्रिकेट टीम को जर्सी स्पॉन्सर की गई। मुकाबलों को देखने के लिए रिजवी ग्राउंड में क्रिकेट प्रेमियों की भीड़ जुटी रही। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन पर दर्शकों ने तालियों से उत्साहवर्धन किया।

