Education
🔴 Breaking

रीडिंग स्टार सम्मान समारोह में पठन में उत्कृष्ट विद्यार्थियों का हुआ सम्मान

राज्य पुरस्कार प्राप्त शिक्षक हरिओम सिंह की अगुवाई में आयोजन, नियमित पठन-अभ्यास से भाषा कौशल और आत्मविश्वास बढ़ाने का दिया संदेश

199 views

कौशाम्बी : विकासखंड नेवादा के कंपोजिट विद्यालय पेरई में शनिवार को राज्य पुरस्कार प्राप्त शिक्षक हरिओम सिंह की अगुवाई में रीडिंग स्टार सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में पठन-पाठन के प्रति रुचि विकसित करना, शुद्ध उच्चारण, प्रवाहपूर्ण वाचन, भाषा दक्षता तथा पढ़े गए विषय की समझ को सुदृढ़ बनाना रहा। इस दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को 'रीडिंग स्टार' के रूप में सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। विद्यार्थियों ने पुस्तक वाचन, कहानी पाठ एवं अनुच्छेद वाचन के माध्यम से अपनी पठन क्षमता का प्रदर्शन किया। शिक्षकों ने बच्चों के उच्चारण, पढ़ने की गति, स्पष्टता, आत्मविश्वास तथा विषय की समझ का मूल्यांकन कर श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का चयन किया।

विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापिका सत्यवती देवी ने कहा कि नियमित पठन-अभ्यास बच्चों के व्यक्तित्व विकास, भाषा कौशल और आत्मविश्वास को मजबूत बनाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रतिदिन पुस्तक पढ़ने, नए शब्द सीखने और पढ़ी गई बातों को व्यवहार में उतारने का आह्वान किया।

राज्य पुरस्कार प्राप्त शिक्षक हरिओम सिंह ने कहा कि रीडिंग स्टार अभियान का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे में पढ़ने की आदत विकसित करना तथा उसे शुद्ध उच्चारण, स्पष्ट अभिव्यक्ति और विषय की गहरी समझ के साथ पढ़ने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि नियमित पठन से बच्चों की भाषा क्षमता, कल्पनाशक्ति, तार्किक सोच और अभिव्यक्ति स्वतः विकसित होती है।

समारोह में शिवबाबू, काव्या, रागिनी, यश, जान्हवी, सानवी तथा नंदनी को उत्कृष्ट पठन दक्षता के आधार पर 'रीडिंग स्टार' के रूप में सम्मानित किया गया। इस अवसर पर शिक्षिका अर्चना सिंह, अन्नू केसरवानी, हुबलाल वर्मा, चक्रपाणि मिश्र, सपना श्रीवास्तव, विद्यालय की रसोइया, छात्र-छात्राओं की माताएं, अभिभावक एवं विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना एवं नियमित पठन के संकल्प के साथ हुआ।