कौशाम्बी : अग्निवीर योजना के अंतर्गत भारतीय सेना में चयनित सिराथू तहसील क्षेत्र के पल्टीपुर निवासी धर्मेंद्र कुमार और शहजादपुर निवासी रितेश कुमार मौर्य नौ माह का प्रशिक्षण पूरा कर मंगलवार को अपने घर लौटे। महाराष्ट्र के खड़गी स्थित सैन्य प्रशिक्षण केंद्र में दोनों ने पिछले वर्ष 9 दिसंबर को प्रशिक्षण शुरू किया था।
मंगलवार को टेढ़ीमोड़ चौराहे पर पहुंचते ही स्वजनों, रिश्तेदारों और क्षेत्रवासियों ने दोनों जवानों का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया। इस दौरान "भारत माता की जय" और "वंदे मातरम्" के नारों से पूरा चौराहा गूंज उठा। लोगों ने मिठाई खिलाकर अपनी खुशी का इजहार किया।
इसके बाद स्वागत जुलूस के रूप में दोनों अग्निवीरों को उनके घर तक ले जाया गया। स्थानीय लोगों ने कहा कि दोनों युवाओं ने क्षेत्र का नाम रोशन किया है और उनकी सफलता अन्य युवाओं को भी देशसेवा के लिए प्रेरित करेगी। पूरे क्षेत्र में दोनों जवानों की घर वापसी को लेकर उत्साह और गर्व का माहौल रहा।
