Education
🔴 Breaking

सेवा संकल्प में रंगों से साकार हुआ विकसित भारत का सपना

आठों विकासखंडों के 300 से अधिक शिक्षक-शिक्षिकाओं व आईसीडीएस टीम ने लिया हिस्सा, जनकल्याणकारी योजनाओं से लेकर एआई और डिजिटल इंडिया तक की दिखी झलक

335 views

कौशाम्बी : सेवा संकल्प–मेरे सपनों का भारत अभियान के अंतर्गत सोमवार को डाइट मैदान मंझनपुर में बेसिक शिक्षा विभाग एवं बाल विकास व पुष्टाहार विभाग (आईसीडीएस) के संयुक्त तत्वावधान में भव्य रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई। जनपद के सभी आठ विकासखंडों से पहुंचे 300 से अधिक शिक्षक-शिक्षिकाओं और आईसीडीएस टीमों ने अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। इस दौरान 75×75 फीट की विशाल रंगोली आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही।

प्रतिभागियों ने रंगों और कलात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, सामाजिक सरोकारों और समसामयिक विषयों को जीवंत रूप दिया। रंगोली में नारी शक्ति, रोजगार एवं कौशल, मेरा कौशल-मेरा भविष्य, हर घर जल-जल जीवन मिशन, किसान समृद्धि, आयुष्मान भारत, तकनीक से ज्ञान-एआई से उड़ान, डिजिटल इंडिया, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छता और स्वच्छ भारत अभियान जैसे विषयों को प्रमुखता से उकेरा गया।

विशाल रंगोली में विकसित भारत की परिकल्पना को रंगों के माध्यम से आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया गया। इसे देखने के लिए जनप्रतिनिधियों, बच्चों और आम लोगों में खासा उत्साह रहा। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना सोनकर रहीं। विशिष्ट अतिथि निवर्तमान विधायक चायल संजय गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मराज मौर्य, निवर्तमान विधायक मंझनपुर लाल बहादुर, राज्य महिला आयोग सदस्य प्रतिभा कुशवाहा तथा नगर पालिका परिषद मंझनपुर अध्यक्ष वीरेंद्र सरोज 'फौजी' समेत अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डा. कमलेंद्र कुमार कुशवाहा ने कहा कि रंगोली के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं, तकनीकी नवाचार और विकसित भारत की परिकल्पना को प्रदर्शित करना शिक्षकों की रचनात्मकता और सामाजिक जागरूकता का प्रेरक उदाहरण है। उन्होंने प्रतिभागियों और सहयोगी विभागों के प्रयासों की सराहना करते हुए आभार जताया। कार्यक्रम में सभी विकासखंडों के खंड शिक्षा अधिकारी, एसआरजी, एआरपी, शिक्षक-शिक्षिकाएं और कार्यालय स्टाफ मौजूद रहा।