Education
🔴 Breaking

शिक्षक स्वाभिमान दिवस पर कौशांबी के पांच शिक्षकों को मिला शिक्षारत्न सम्मान

शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए मिशन शिक्षण संवाद उत्तर प्रदेश ने किया सम्मानित

81 views

कौशाम्बी : पूर्व राष्ट्रपति डा. एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती के अवसर पर मिशन शिक्षण संवाद, उत्तर प्रदेश की ओर से आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह में कौशांबी के पांच शिक्षकों को शिक्षक स्वाभिमान दिवस पर शिक्षारत्न सम्मान 2026 से सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वाले शिक्षकों में आनन्द नारायण पाठक, शालिनी कुशवाहा, दीप नारायण मिश्रा, अरुण कुमार और मनमोहन सिंह चौहान शामिल हैं। इन शिक्षकों को शिक्षा के क्षेत्र में उनके अनुकरणीय योगदान, समर्पण, निष्ठा और उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।

मिशन शिक्षण संवाद परिवार, कौशांबी ने जनपद के इन शिक्षकों को सम्मान मिलने पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं। परिवार के सदस्यों ने कहा कि शिक्षकों का यह सम्मान पूरे जनपद के लिए गौरव की बात है। शिक्षकों की मेहनत, नवाचार और बच्चों के भविष्य को संवारने की प्रतिबद्धता समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

शिक्षक केवल बच्चों को किताबी ज्ञान देने तक सीमित नहीं होते, बल्कि उनमें संस्कार, अनुशासन, नैतिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों की भावना विकसित करने में भी अहम भूमिका निभाते हैं। शिक्षा के प्रति समर्पित शिक्षकों को इस तरह के सम्मान मिलने से न केवल उनका उत्साह बढ़ता है, बल्कि दूसरे शिक्षकों को भी बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलती है।

मिशन शिक्षण संवाद परिवार ने कहा कि शिक्षकों का सम्मान समाज में शिक्षा के महत्व को स्थापित करने और शिक्षकों के योगदान को पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। सम्मानित शिक्षकों का कार्य अन्य शिक्षकों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगा। इससे विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के प्रयासों को नई ऊर्जा मिलेगी।

परिवार की ओर से सम्मानित शिक्षकों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा गया कि शिक्षा का उत्थान, शिक्षक का सम्मान और मानवता का कल्याण ही इस पहल का मूल उद्देश्य है। शिक्षकों की निष्ठा और समर्पण से ही समाज और राष्ट्र के भविष्य को बेहतर दिशा दी जा सकती है।