Education
🔴 Breaking

श्रीराम बने नन्हे विद्यार्थी, तीर चलाकर किया रावण का दहन

दशहरा कार्यक्रम में बच्चों ने दिया बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश, शिक्षकों ने अच्छे संस्कार अपनाने के लिए किया प्रेरित

27 views

कौशाम्बी : सिराथू ब्लाक के प्राथमिक विद्यालय हिसामपुर परसखी में शनिवार को दशहरा पर्व उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने अभिनय के माध्यम से बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया। विद्यालय परिसर में रावण का पुतला बनाया गया। भगवान श्रीराम के स्वरूप में सजे एक विद्यार्थी ने प्रतीकात्मक रूप से तीर चलाकर रावण के पुतले का दहन किया। इस दृश्य को देखकर बच्चे उत्साहित नजर आए।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानाध्यापक रामकृष्ण साहू ने विद्यार्थियों को दशहरा पर्व के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि दशहरा हमें सत्य, धर्म और अच्छाई के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। वहीं शिक्षिका माया सिंह ने बच्चों को बताया कि यह पर्व भगवान श्रीराम की ओर से रावण पर विजय प्राप्त करने की स्मृति में मनाया जाता है। इसका संदेश है कि बुराई चाहे कितनी भी शक्तिशाली क्यों न हो, अंत में जीत अच्छाई और सत्य की ही होती है।

शिक्षकों ने बच्चों को जीवन में अच्छे विचार अपनाने, बड़ों का सम्मान करने, आपस में प्रेम और भाईचारा बनाए रखने व गलत आदतों से दूर रहने की सीख दी। शिक्षिका रिया सेठी ने विद्यार्थियों को त्योहार की खुशियां मनाने के साथ नियमित रूप से विद्यालय आने और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और सदाचार का महत्व समझाया गया। इस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।