Education
🔴 Breaking

सहयोगात्मक पर्यवेक्षण में शैक्षिक गुणवत्ता सुधारने पर जोर

शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया को प्रभावी बनाने और बच्चों की सहभागिता बढ़ाने पर हुई चर्चा

89 views

कौशाम्बी : विकासखंड सरसवां के प्राथमिक विद्यालय तरमौरा में सहयोगात्मक पर्यवेक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यालय की शैक्षिक गतिविधियों, शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया और कक्षा-कक्ष में बच्चों की सहभागिता का अवलोकन किया गया। साथ ही, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को और प्रभावी बनाने तथा विद्यार्थियों के सीखने के स्तर में सुधार लाने पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम में जिला समन्वयक (एमआइएस) वरुण पांडेय, अकादमिक रिसोर्स पर्सन (एआरपी) पंकज सिंह और एलएलएफ टीम के संतोष कुमार उपस्थित रहे। पर्यवेक्षण के दौरान शिक्षण प्रक्रिया को गतिविधि आधारित और रुचिकर बनाने, उपलब्ध शैक्षिक संसाधनों का प्रभावी उपयोग करने तथा बच्चों की सीखने की क्षमता को बेहतर बनाने के संबंध में शिक्षकों से चर्चा की गई।

इस दौरान शिक्षकों के साथ संवाद स्थापित कर शिक्षण कार्य को अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक सुझाव भी साझा किए गए। सहयोगात्मक पर्यवेक्षण का उद्देश्य विद्यालयों में सकारात्मक शैक्षिक वातावरण विकसित करना, शिक्षण की गुणवत्ता में निरंतर सुधार लाना और बच्चों को निर्धारित अधिगम लक्ष्यों तक पहुंचाना है।