सिराथू में 767 शिक्षकों ने सीखा नौनिहालों को निपुण बनाने का गुर

एफ एल एन प्रशिक्षण के आठवें व अंतिम बैच का हुआ समापन, भाषा और गणितीय दक्षता बढ़ाने पर दिया गया जोर

29 views

सिराथू में 767 शिक्षकों ने सीखा नौनिहालों को निपुण बनाने का गुर

एफ एल एन प्रशिक्षण के आठवें व अंतिम बैच का हुआ समापन, भाषा और गणितीय दक्षता बढ़ाने पर दिया गया जोर

सिराथू: विकास खंड सिराथू में निपुण भारत मिशन के अंतर्गत चल रहे एफएलएन (फाउंडेशनल लिटरेसी एंड न्यूमेरसी) प्रशिक्षण के आठवें व अंतिम बैच का शनिवार को समापन हो गया। प्रशिक्षण के विभिन्न चरणों में विकास खंड के कुल 767 शिक्षकों ने प्रतिभाग कर बच्चों में आधारभूत साक्षरता व संख्यात्मक ज्ञान विकसित करने की तकनीक सीखी।

खंड शिक्षा अधिकारी डा. प्रज्ञा सिंह के निर्देशन व संदर्भदाता अनुराग मिश्रा के सहयोग से प्रशिक्षण को प्रभावी ढंग से संचालित किया गया। प्रशिक्षण में लैंग्वेज एंड लर्निंग फाउंडेशन की ओर से खंड अकादमिक समन्वयक नरेश कुमार ने अकादमिक व तकनीकी सहयोग प्रदान किया। उन्होंने गतिविधि आधारित शिक्षण के माध्यम से बच्चों को भाषा और गणित की बुनियादी अवधारणाओं से सहज रूप से जोड़ने पर जोर दिया।

प्रशिक्षण के दौरान एआरपी ओमप्रकाश चौधरी, शालिनी जायसवाल, सुरेंद्र कुमार, नरेंद्र सिंह व अन्य अकादमिक सहयोगियों ने शिक्षकों को एफएलएन के उद्देश्यों, शिक्षण-अधिगम सामग्री के प्रभावी प्रयोग, बच्चों के सीखने के स्तर के आकलन तथा कक्षा में गतिविधियों के माध्यम से सीखने के अवसर उपलब्ध कराने की जानकारी दी। शिक्षकों को कक्षा शिक्षण में स्थानीय संसाधनों और टीएलएम के बेहतर प्रयोग के लिए भी प्रेरित किया गया।

प्रशिक्षण के अंतिम दिवस शिक्षकों ने अपने अनुभव साझा किए। प्रशिक्षकों ने कहा कि एफएलएन का उद्देश्य प्रारंभिक कक्षाओं में बच्चों की पढ़ने, समझने और गणितीय अवधारणाओं को आत्मसात करने की क्षमता को मजबूत करना है। प्रशिक्षणार्थियों ने विद्यालय पहुंचकर सीखी गई गतिविधियों को नियमित शिक्षण में शामिल करने का संकल्प लिया। प्रशिक्षण के सफल समापन पर खंड शिक्षा अधिकारी, संदर्भदाता, एआरपी व अन्य सहयोगियों ने शिक्षकों को शुभकामनाएं दीं।